Jharkhand: गिरिडीह में सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा, हजारों लोगों ने नम आंखों से किया याद

गिरिडीह: दिवंगत झारखंड सरकार के मंत्री एवं गिरिडीह विधायक सुदिव्य कुमार सोनू की स्मृति में रविवार को बनियाडीह में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) गिरिडीह प्रखंड परिवार और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन (झाकोमयू) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सभा में बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ताओं, कोलियरी मजदूरों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और आम लोगों ने हिस्सा लिया।हजारों की संख्या में पहुंचे लोगों ने नम आंखों से दिवंगत नेता को श्रद्धांजलि दी और उनके राजनीतिक एवं सामाजिक योगदान को याद किया। श्रद्धांजलि सभा के दौरान माहौल पूरी तरह गमगीन रहा।
अधूरे सपनों को पूरा करना ही सच्ची श्रद्धांजलि : हफिजूल हसन
सभा को संबोधित करते हुए झारखंड सरकार के जल संसाधन मंत्री हफिजूल हसन अंसारी ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झारखंड की राजनीति और गिरिडीह के लिए बड़ी क्षति है।उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू ने हमेशा झारखंड के विकास और गिरिडीह के हित को प्राथमिकता दी। क्षेत्र के विकास को लेकर उनके मन में कई योजनाएं और सपने थे। अब उन अधूरे सपनों को पूरा करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
गिरिडीह कोलियरी को लेकर किए प्रयासों को किया याद
हफिजूल हसन ने विशेष रूप से गिरिडीह कोलियरी का उल्लेख करते हुए कहा कि जब-जब कोलियरी संकट में आई, सुदिव्य सोनू ने उसके समाधान के लिए गंभीर पहल की।उन्होंने कहा कि बंदी के कगार पर पहुंच चुकी गिरिडीह कोलियरी को दोबारा चालू कराने की दिशा में भी सुदिव्य सोनू ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मजदूरों और क्षेत्र के हितों को लेकर उनकी सक्रियता लगातार बनी रही। उनके प्रयासों को आगे बढ़ाना जरूरी है।
सच्चे जननेता थे सुदिव्य सोनू : बैद्यनाथ राम
झामुमो के वरिष्ठ नेता एवं राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम ने सुदिव्य कुमार सोनू को सच्चे अर्थों में जननेता बताया।उन्होंने कहा कि जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ और लोगों से सीधा जुड़ाव उनकी पहचान थी। यही कारण है कि उनके निधन के बाद भी आम लोगों के बीच गहरा शोक है और श्रद्धांजलि देने के लिए बड़ी संख्या में लोग बनियाडीह पहुंचे।
पार्टी ने अपना अभिभावक खो दिया : संजय सिंह
झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह ने कहा कि सुदिव्य सोनू के निधन से पार्टी ने अपना अभिभावक खो दिया है। उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू हमेशा कार्यकर्ताओं के साथ मजबूती से खड़े रहते थे।उन्होंने कहा कि गिरिडीह ने भी एक मजबूत और सक्रिय जनप्रतिनिधि खोया है। उनके निधन से पैदा हुई कमी को पूरा करना आसान नहीं होगा।
वहीं, जिला सचिव महालाल सोरेन ने कहा कि सुदिव्य सोनू सभी वर्गों और समुदायों को साथ लेकर चलने वाले नेता थे। उन्होंने समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों की समस्याओं को समझने और उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किया।
अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प
जमुआ के पूर्व विधायक केदार हाजरा ने कहा कि सुदिव्य कुमार सोनू का निधन झामुमो के लिए अपूरणीय क्षति है। पार्टी और गिरिडीह की जनता उनके योगदान को हमेशा याद रखेगी।उन्होंने कहा कि सुदिव्य सोनू के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति वास्तविक सम्मान होगा। श्रद्धांजलि सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने दिवंगत नेता के अधूरे सपनों और कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
संयुक्त रूप से हुई श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता
श्रद्धांजलि सभा की अध्यक्षता झामुमो गिरिडीह प्रखंड पूर्वी भाग के अध्यक्ष प्रधान मुर्मू, पश्चिमी भाग के अध्यक्ष अनवर अंसारी और झारखंड कोलियरी मजदूर यूनियन के अध्यक्ष हरगौरी साव छक्कू ने संयुक्त रूप से की।मंच का संचालन झाकोमयू के जोनल उपाध्यक्ष दिलीप मंडल और झारखंड युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष कोलेश्वर सोरेन ने किया। धन्यवाद ज्ञापन पूर्व विधायक केदार हाजरा ने किया।
झामुमो और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में झामुमो जिला अध्यक्ष संजय सिंह, जिला सचिव महालाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष अजीत कुमार पप्पु, शाहनवाज अंसारी, नुनूराम किस्कू उर्फ टाइगर, बरकत अली, महापौर प्रमिला मेहरा, उप महापौर सुमित कुमार, प्रणव वर्मा, जिला प्रवक्ता कृष्ण मुरारी शर्मा, महानगर अध्यक्ष राकेश कुमार रॉकी, सन्नी रैन, दिलीप रजक, चांद रसीद, मेहताब मिर्जा, दारा हाजरा, नारायण पाण्डेय, अभय सिंह, संजय वर्मा, पवन सिंह और राकेश रंजन समेत झामुमो, झाकोमयू और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।



