Bihar: मुजफ्फरपुर में नकली सिगरेट के कारोबार का खुलासा, कारोबारी हिरासत में

मुजफ्फरपुर: चर्चित ब्रांड के नाम पर नकली सिगरेट बेचने के कथित अवैध कारोबार का नगर थाना पुलिस ने रविवार को खुलासा किया। वीएसटी इंडस्ट्रीज लिमिटेड की शिकायत पर पुलिस ने धर्मशाला चौक स्थित एक थोक विक्रेता की दुकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान 21 हजार से अधिक नकली सिगरेट के पैकेट जब्त किए गए।जब्त सिगरेट की अनुमानित कीमत तीन लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। पुलिस ने कारोबारी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पूछताछ में कारोबारी ने कथित तौर पर बताया कि उसने यह माल अहियापुर के जीरोमाइल इलाके के एक युवक से खरीदा था।
लोकप्रिय ब्रांड के नाम पर तैयार की जा रही थी नकली सिगरेट
कंपनी के अधिकृत अधिवक्ता दिल्ली निवासी जगमीत सिंह रंधावा के अनुसार, नकली सिगरेट वीएसटी इंडस्ट्रीज के लोकप्रिय ब्रांड के नाम पर तैयार कर बाजार में बेची जा रही थी।कंपनी प्रतिनिधियों का आरोप है कि नकली उत्पादों की पैकिंग में असली ब्रांड से मिलते-जुलते नाम और गलत स्पेलिंग का इस्तेमाल किया जा रहा था, ताकि ग्राहक आसानी से भ्रमित हो सकें।
कंपनी के राजस्व को नुकसान पहुंचने का दावा
कंपनी प्रतिनिधियों के मुताबिक, नकली सिगरेट की बिक्री से कंपनी को राजस्व में करीब 50 प्रतिशत तक नुकसान हो रहा था। कंपनी की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की।जांच के दौरान यह बात भी सामने आई कि हिरासत में लिया गया कारोबारी पहले कंपनी का थोक डिस्ट्रीब्यूटर रह चुका है।
असली सिगरेट की आड़ में नकली माल खपाने का आरोप
कंपनी की ओर से आरोप लगाया गया है कि कारोबारी असली सिगरेट की आड़ में नकली उत्पादों की आपूर्ति मुजफ्फरपुर और आसपास के कई जिलों में कर रहा था।कंपनी प्रतिनिधियों के अनुसार, नकली सिगरेट के इस कथित नेटवर्क पर लगातार नजर रखी जा रही थी। इसी क्रम में शिकायत के आधार पर पुलिस से कार्रवाई कराई गई।
पूर्णिया में भी बरामद हो चुके हैं नकली सिगरेट
कंपनी की ओर से बताया गया कि इससे पहले पूर्णिया जिले में भी शिकायत के आधार पर कार्रवाई की गई थी। वहां से करीब 40 हजार से अधिक नकली सिगरेट बरामद किए जाने की बात कही गई है।मुजफ्फरपुर में हुई ताजा कार्रवाई के बाद पुलिस अब हिरासत में लिए गए कारोबारी से पूछताछ कर रही है और इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच में जुटी है।
जीरोमाइल के युवक तक पहुंचने की कोशिश
पूछताछ में कारोबारी द्वारा अहियापुर के जीरोमाइल निवासी एक युवक से नकली सिगरेट लेने की बात बताए जाने के बाद पुलिस इस कड़ी की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि नकली उत्पाद कहां तैयार किए जा रहे थे और इसकी सप्लाई किन-किन इलाकों में की जा रही थी।



