Bihar INFACTNews

Bihar: थर्मोकोल फैक्ट्री में भीषण आग से हड़कंप,अफरातफरी के बीच ग्रामीणों ने लूटा सामान

हाजीपुर : हाजीपुर के इंडस्ट्रियल एरिया में शनिवार को उस वक्त अफरातफरी मच गई जब यहाँ स्थित एक थर्मोकोल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। गनीमत यह रही कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति का भारी नुकसान हुआ है।

दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें हरकत में आईं। फैक्ट्री में रखे थर्मोकोल और अन्य ज्वलनशील पदार्थों के कारण आग तेजी से फैली, जिससे फायर ब्रिगेड को मशक्कत करनी पड़ी। दर्जनों दमकल गाड़ियां मौके पर पहुँचकर आग बुझाने में जुटी हैं। सुरक्षा के मद्देनजर प्रशासन ने आसपास की अन्य फैक्ट्रियों और रिहायशी इलाकों को भी खाली करा दिया है। जिले के आला अधिकारी घटनास्थल पर कैंप कर रहे हैं और स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं।

अफरातफरी के बीच लूट की तस्वीरें

एक तरफ जहाँ दमकलकर्मी अपनी जान जोखिम में डालकर आग बुझा रहे थे, वहीं दूसरी ओर मानवता को शर्मसार करने वाली तस्वीरें भी सामने आईं।फैक्ट्री में मची अफरातफरी का फायदा उठाकर कुछ ग्रामीण मौके पर पहुँच गए और आग की लपटों के बीच से ही सुरक्षित बचे थर्मोकोल के शीट और अन्य सामान लूटकर भागने लगे।पुलिस बल ने भीड़ को नियंत्रित करने और लूटपाट रोकने के लिए लाठियां पटककर लोगों को वहां से खदेड़ा।

नुकसान और सुरक्षा उपाय

हालांकि अभी आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्राथमिक तौर पर इसे शॉर्ट सर्किट से जोड़कर देखा जा रहा है। फैक्ट्री के भीतर रखी मशीनें, कच्चा माल और तैयार स्टॉक पूरी तरह जलकर राख हो गया है। नुकसान का आंकड़ा करोड़ों में होने की आशंका है। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से संयम बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल दमकल की टीमें ‘कूलिंग’ प्रक्रिया में जुटी हैं ताकि आग दोबारा न भड़क सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button