Chhattisgarh INFACTNews

Chhaatisgarh: वेदांता पावर प्लांट में बॉयलर फटने से बड़ा विस्फोट, 10 मजदूरों की मौत सहित 23 घायल

सक्ती : छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिंघीतराई गांव में स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को एक भयावह हादसा हो गया। प्लांट के बॉयलर में हुए जोरदार विस्फोट के कारण अब तक 10 मजदूरों की मृत्यु हो चुकी है, जबकि 23 से अधिक श्रमिक गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों का उपचार रायगढ़ के विभिन्न अस्पतालों में जारी है।

मौके पर मची चीख-पुकार

पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब प्लांट में शिफ्ट का काम चल रहा था।बॉयलर फटने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के गांवों तक सुनाई दी। तीन मजदूरों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य ने अस्पताल ले जाते समय या इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जिला प्रशासन और पुलिस की टीम ने तुरंत मोर्चा संभाला और मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाला। एहतियात के तौर पर प्लांट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

पीएम मोदी और सीएम साय ने जताया शोक

इस भीषण हादसे पर देश और प्रदेश के शीर्ष नेतृत्व ने गहरा दुख प्रकट किया है। पीएम ने हादसे को अत्यंत दुखद बताते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने का ऐलान किया है। सीएम ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि सरकार पीड़ितों के साथ खड़ी है। उन्होंने मामले की उच्चस्तरीय जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

कंपनी का पक्ष: उप-ठेकेदार के जिम्मे था संचालन

वेदांता पावर प्लांट के प्रवक्ता ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि जिस यूनिट में विस्फोट हुआ, उसका संचालन उप-ठेकेदार कंपनी एनजीएसएल द्वारा किया जा रहा था। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि उनकी पहली प्राथमिकता घायलों को सर्वश्रेष्ठ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना है।

जांच के घेरे में सुरक्षा मानक

प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या बॉयलर के रखरखाव में कोई लापरवाही बरती गई थी या सुरक्षा मानकों की अनदेखी हुई। औद्योगिक सुरक्षा विभाग की टीम भी जल्द ही प्लांट का मुआयना करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button