Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: 8 महीने से लापता युवती की हत्या का खुलासा, आरोपी के साथ ‘पार्टी’ करने वाले थाना प्रभारी समेत 28 पुलिसकर्मी सस्पेंड

बोकारो : झारखंड के बोकारो जिले में मानवता और खाकी को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। पुलिस ने 8 महीने पहले लापता हुई 18 वर्षीय पुष्पा महतो की हत्या का खुलासा करते हुए आरोपी दिनेश महतो को गिरफ्तार कर लिया है। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस आरोपी ने युवती की हत्या कर उसके शव के टुकड़े किए, उसी के साथ पुलिसकर्मी पार्टियां कर रहे थे। इस मामले में एसपी हरविंदर सिंह ने कड़ा एक्शन लेते हुए पिंडराजोरा थाना प्रभारी समेत 28 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया है।

शादी का दबाव बनी हत्या की वजह

पुलिस जांच और आरोपी दिनेश महतो के कबूलनामे के अनुसार आरोपी दिनेश और पुष्पा पिछले 3 साल से एक-दूसरे के संपर्क में थे। पुष्पा लगातार शादी के लिए दबाव बना रही थी, जिससे पीछा छुड़ाने के लिए दिनेश ने हत्या की साजिश रची।21 जुलाई 2025 को जब पुष्पा चास कॉलेज में दाखिला लेने गई थी, तभी दिनेश उसे बहला-फुसलाकर सुनसान जगह ले गया और चाकू मारकर उसकी हत्या कर दी।आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने 1.5 किलोमीटर दूर झाड़ियों से युवती के कंकाल के 19 टुकड़े, बाल और खून से सने कपड़े बरामद किए हैं।

हाईकोर्ट की फटकार और एसआईटी की जांच

पुष्पा की मां रेखा देवी ने पिछले साल 24 जुलाई को बेटी के अपहरण की शिकायत की थी, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। पुलिस की निष्क्रियता से तंग आकर मां ने झारखंड हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया।हाईकोर्ट ने इस मामले में पुलिस की कार्यशैली पर कड़ा रुख अपनाते हुए डीजीपी तदाशा मिश्रा को फटकार लगाई। हाईकोर्ट के दबाव के बाद बनी एसआईटी ने जब पुष्पा की कॉल डिटेल्स खंगाली, तो दिनेश महतो का नाम सामने आया और सख्ती बरतने पर उसने अपना जुर्म कबूल लिया।

खाकी पर दाग: आरोपी के साथ पार्टी और पैसों का लेन-देन

बोकारो एसपी हरविंदर सिंह ने बताया कि जांच में पुलिसकर्मियों की घोर लापरवाही और अपराधी के साथ मिलीभगत पाई गई है। निलंबित किए गए 28 पुलिसकर्मी हत्या के आरोपी दिनेश महतो के साथ अक्सर पार्टियां करते थे।इन पुलिसकर्मियों पर आरोपी से पैसों का लेन-देन करने और उसे कानूनी कार्रवाई से बचाने में सहयोग करने का भी आरोप है।एसपी ने कहा कि इन पुलिसकर्मियों के कृत्य से विभाग की छवि खराब हुई है, इसलिए इन्हें तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button