Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: नालंदा के शीतला माता मंदिर में भगदड़, 8 श्रद्धालुओं की मौत

बिहार शरीफ : बिहार के नालंदा जिले से मंगलवार की सुबह एक अत्यंत हृदय विदारक खबर सामने आई है। दीपनगर थाना क्षेत्र के मघड़ा स्थित प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर में पूजा-अर्चना के दौरान अचानक मची भगदड़ में अब तक 8 श्रद्धालुओं की मौत हो गई है। इस हादसे में 6 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं, जिन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मंगलवार की सुबह आस्था पर भारी पड़ी अव्यवस्था

मघड़ा स्थित शीतला मंदिर में हर मंगलवार को विशेष पूजा का आयोजन होता है, जिसमें हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार सुबह से ही मंदिर परिसर में हजारों लोगों की कतार लगी थी। संकरी गलियों और परिसर में क्षमता से अधिक भीड़ होने के कारण स्थिति अनियंत्रित होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सुबह की आरती के समय अचानक पीछे से धक्का-मुक्की शुरू हुई, जिसने देखते ही देखते भयावह भगदड़ का रूप ले लिया। लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-बधर भागने लगे और एक-दूसरे के ऊपर गिरते चले गए।

सदर अस्पताल में मची चीख-पुकार

घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन और भारी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुँचा।
एंबुलेंस के जरिए घायलों को तुरंत नालंदा सदर अस्पताल पहुँचाया गया। डॉक्टरों की टीम घायलों को बचाने की जद्दोजहद में जुटी है। कुछ की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर करने की तैयारी की जा रही है। मृतकों में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल बताए जा रहे हैं। पुलिस शवों की पहचान कर परिजनों को सूचित करने की प्रक्रिया में जुटी है।

प्रशासन की लापरवाही पर आक्रोश

स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में जिला प्रशासन के खिलाफ भारी नाराजगी देखी जा रही है।ग्रामीणों का आरोप है कि प्रशासन को भली-भांति ज्ञात था कि हर मंगलवार यहाँ भारी भीड़ उमड़ती है, फिर भी सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए थे।जिलाधिकारी ने हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं। रिपोर्ट के आधार पर दोषी अधिकारियों और मंदिर प्रबंधन समिति के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।फिलहाल, मंदिर परिसर को खाली करा लिया गया है और भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। पूरे इलाके में शोक और सन्नाटे का माहौल है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button