Jhakhand:केनरा बैंक में फिल्मी स्टाइल डकैती, कर्मचारियों को बंधक बनाकर 15 लाख की लूट

बहरागोड़ा (पूर्वी सिंहभूम): झारखंड-पश्चिम बंगाल सीमा पर स्थित बहरागोड़ा थाना क्षेत्र के साकरा में मंगलवार को अपराधियों ने पुलिस को खुली चुनौती दी। दिनदहाड़े केनरा बैंक की शाखा में घुसकर पांच नकाबपोश डकैतों ने करीब 15 लाख रुपये की बड़ी लूट को अंजाम दिया। वारदात के बाद अपराधी मोटरसाइकिल से पश्चिम बंगाल की सीमा में दाखिल हो गए।
दोपहर 1:30 बजे बैंक में मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोपहर करीब 1:30 से 2:00 बजे के बीच, जब बैंक में सामान्य कामकाज चल रहा था, अचानक पांच सशस्त्र अपराधी बैंक परिसर में दाखिल हुए।अपराधियों ने हथियारों के बल पर बैंक मैनेजर समेत सभी कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को एक कोने में बंधक बना लिया। डकैतों ने कैश काउंटर और तिजोरी को खंगाला और वहां रखे लगभग 15 लाख रुपये बैग में भर लिए।
कर्मचारियों के गहने और मोबाइल भी छीने
अपराधियों ने केवल बैंक के कैश पर ही हाथ नहीं साफ किया, बल्कि वहां मौजूद बैंक कर्मियों के साथ भी लूटपाट की।कर्मियों के मोबाइल फोन, पर्स और उनके गले से सोने की चेन तक छीन ली गई।विरोध करने पर अपराधियों ने जान से मारने की धमकी दी, जिससे बैंक के अंदर सन्नाटा पसर गया।
बंगाल की ओर भाग निकले अपराधी
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी पांचों अपराधी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर तेजी से पश्चिम बंगाल की दिशा में फरार हो गए। भौगोलिक स्थिति का फायदा उठाते हुए अपराधियों ने अंतर्राज्यीय सीमा पार कर ली, जिससे उन्हें पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बन गया है।
पुलिस की कार्रवाई और नाकाबंदी
घटना की सूचना मिलते ही बहरागोड़ा थाना पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे।पुलिस बैंक के भीतर और बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।पुलिस ने जिला मुख्यालय को सूचित कर दिया है और बंगाल पुलिस से भी संपर्क साधा गया है। आसपास के इलाकों में सघन छापेमारी और नाकाबंदी शुरू कर दी गई है।क्षेत्र में दिनदहाड़े हुई इस डकैती से स्थानीय व्यवसायियों और बैंक ग्राहकों के बीच भारी सुरक्षा चिंता और डर का माहौल व्याप्त है।



