Bihar: पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव की वोटिंग 28 फरवरी को ही होगी, स्थगन का आदेश वापस

पटना: पटना विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव को लेकर शनिवार को दिन भर अनिश्चितता और हंगामे की स्थिति बनी रही। विश्वविद्यालय प्रशासन ने पहले चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन और हिंसा का हवाला देते हुए चुनाव स्थगित करने की अधिसूचना जारी की, लेकिन छात्र संगठनों के जबरदस्त विरोध के आगे प्रशासन को झुकना पड़ा। अब छात्र संघ चुनाव अपने पूर्व निर्धारित समय यानी 28 फरवरी को ही संपन्न होंगे।

क्यों टालने की आई थी नौबत?

शनिवार शाम जारी पहली अधिसूचना में विश्वविद्यालय प्रशासन ने चुनाव स्थगित करने के पीछे ‘अमर्यादित’ और ‘अप्रत्याशित’ घटनाओं का हवाला दिया था। प्रशासन के अनुसार छात्र नेताओं द्वारा महंगी गाड़ियों से प्रचार और छपे हुए पोस्टर-बैनर का अवैध इस्तेमाल किया गया। छात्रों का एक गुट बिना अनुमति पटना वीमेंस कॉलेज में घुसकर नारेबाजी करने लगा था। शनिवार सुबह पटना साइंस कॉलेज में क्लास के भीतर एक शिक्षक के साथ मारपीट की गई, जिससे शिक्षक समुदाय में गहरा रोष था।

साइंस कॉलेज में शिक्षक की पिटाई से बिगड़ा माहौल

विवाद की मुख्य जड़ शनिवार सुबह की घटना रही। पटना कॉलेज के कुछ छात्र साइंस कॉलेज के क्लासरूम में प्रचार करने पहुंचे थे, जहाँ उन्होंने अंग्रेजी के एक शिक्षक के साथ मारपीट की। इसके बाद पटना कॉलेज और साइंस कॉलेज के छात्र गुटों में भी भिड़ंत हो गई। शिक्षकों ने नाराजगी जताते हुए खुद को चुनावी कार्यों से अलग करने की चेतावनी दी थी, जिसके बाद प्रशासन ने चुनाव टालने का कड़ा फैसला लिया था।

छात्रों के आक्रोश के आगे बदला फैसला

जैसे ही चुनाव स्थगित होने की खबर फैली, विभिन्न छात्र संगठनों के कार्यकर्ता उग्र हो गए और विश्वविद्यालय परिसर की घेराबंदी कर दी। देर शाम तक चले भारी हंगामे और प्रदर्शन को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने अपने कदम पीछे खींच लिए। अब 28 फरवरी को ही मतदान कराने की नई घोषणा की गई है, जिससे चुनावी मैदान में डटे प्रत्याशियों ने राहत की सांस ली है।

अब फाइनल लिस्ट का इंतज़ार

नामांकन और स्क्रूटनी की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। शनिवार को पात्र उम्मीदवारों की फाइनल सूची जारी होनी थी, जो चुनाव टलने की घोषणा के कारण रुक गई थी। अब जबकि चुनाव की बाधा दूर हो गई है, विश्वविद्यालय प्रशासन किसी भी समय उम्मीदवारों की अंतिम सूची जारी कर सकता है।

Exit mobile version