जमशेदपुर: लौहनगरी के गौरव और शहर के हृदय स्थल जुबली पार्क में आज से सन्नाटा पसर गया है लेकिन यह सन्नाटा एक बड़ी चमक की तैयारी है। आगामी 3 मार्च को होने वाले टाटा स्टील के संस्थापक दिवस की तैयारियों को देखते हुए पार्क के मुख्य द्वारों को वाहनों के लिए पूरी तरह बंद कर दिया गया है।
एसडीओ के आदेश पर की गई कार्रवाई
टाटा स्टील प्रबंधन के अनुरोध पर धालभूम के अनुमंडल पदाधिकारी ने सुरक्षा कारणों से पार्क के भीतर से होने वाली आवाजाही को रोकने का आदेश जारी किया है। यह प्रतिबंध आज से लागू होकर 8 मार्च की सुबह तक प्रभावी रहेगा।
क्यों बंद किया गया रास्ता?
जुबली पार्क साकची को बिष्टुपुर, कदमा और सोनारी से जोड़ने वाला एक प्रमुख शॉर्टकट मार्ग है। प्रबंधन के अनुसार संस्थापक दिवस पर पूरे पार्क को भव्य लाइटों से सजाया जाता है। भारी ट्रैफिक रहने पर बिजली के तारों और सजावट के दौरान हादसे का खतरा बना रहता है। सजावट और प्रदर्शनी की तैयारी के लिए पार्क परिसर में बड़े वाहनों और क्रेन की आवाजाही बढ़ जाती है।
मॉर्निंग वॉकर्स को राहत
पार्क पूरी तरह बंद होने के बावजूद शहर के स्वास्थ्य के प्रति जागरूक नागरिकों के लिए राहत की खबर है। किनारे के छोटे गेट खुले रखे गए हैं, जिससे मॉर्निंग वॉक करने वाले लोग पैदल पार्क में प्रवेश कर सकेंगे। हालांकि, किसी भी प्रकार के वाहन (दोपहिया या चार पहिया) के ले जाने पर सख्त पाबंदी रहेगी।
फाउंडर डे की जाने महत्वपूर्ण तिथियां
विद्युत सज्जा और लाइटिंग का भव्य उद्घाटन 2 मार्च शाम को होगा ,3 मार्च को संस्थापक दिवस (जमशेदजी नसरवानजी टाटा की जयंती) और 8 मार्च सुबह से पार्क के द्वार आम जनता और वाहनों के लिए दोबारा खुलेंगे।
जमशेदपुर प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इस अवधि के दौरान साकची-बिष्टुपुर आवागमन के लिए मुख्य सड़क (स्ट्रेट माइल रोड या मरीन ड्राइव) का उपयोग करें ताकि असुविधा से बचा जा सके।
