Rajasthan: खाटू श्याम जी का फाल्गुनी मेला शुरू, 21 से 28 फरवरी तक मनेगा जश्न

सीकर/खाटूधाम: राजस्थान के सीकर जिले में स्थित ‘हारे के सहारे’ बाबा श्याम के दरबार में वार्षिक फाल्गुनी लक्खी मेले का आगाज आज से हो गया है। 21 फरवरी से 28 फरवरी 2026 तक चलने वाले इस महाकुंभ में देश-दुनिया से लगभग 35 लाख श्रद्धालुओं के पहुँचने की संभावना है। आस्था और अनुशासन के इस संगम को सुरक्षित बनाने के लिए राजस्थान पुलिस और जिला प्रशासन ने तकनीक और आधुनिक प्रबंधन का सहारा लिया है।

रींगस से खाटू: 17 किमी का समर्पित ‘पैदल कॉरिडोर’

पदयात्रियों की सुविधा के लिए प्रशासन ने रींगस से खाटू धाम तक 17 किलोमीटर लंबा स्पेशल पैदल कॉरिडोर तैयार किया है। यह मार्ग पूरी तरह से वाहनों के लिए प्रतिबंधित रहेगा। पूरे रास्ते में पेयजल, लाइटिंग, शौचालय और विश्राम स्थलों की व्यवस्था की गई है।पुलिस बल की सतत निगरानी रहेगी ताकि पदयात्रियों को कोई असुविधा न हो।

सुरक्षा का ‘स्मार्ट’ खाका: 22 सेक्टर और 5000 जवान

एडीजी (कानून एवं व्यवस्था) वी. के. सिंह के अनुसार, सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने के लिए पूरे मेला क्षेत्र को 22 मुख्य सेक्टर और 350 सब-सेक्टर में बांटा गया है। 5000 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं।सीसीटीवी कैमरों के जरिए कंट्रोल रूम से रीयल-टाइम मॉनिटरिंग की जा रही है।मेला परिसर में 12 स्थानों पर वायरलेस युक्त पुलिस सहायता बूथ बनाए गए हैं।

डिजिटल तकनीक से सुगम होंगे दर्शन

सीकर एसपी प्रवीण नायक नूनावत ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को सूचनाएं देने के लिए आधुनिक तकनीकों का प्रयोग किया जा रहा है इसमें प्रमुख स्थानों पर लगी इन स्क्रीन पर दर्शन के लिए प्रतीक्षा समय , पार्किंग की स्थिति और आरती का समय लाइव दिखेगा।श्रद्धालुओं को रास्ता ढूंढने में मदद करने के लिए क्यूआर कोड आधारित प्रणाली लागू की गई है। राजस्थान पुलिस के फेसबुक, एक्स और इंस्टाग्राम पर मेले से जुड़ी पल-पल की जानकारी दी जाएगी।

विशेष आकर्षण: 27 फरवरी को भव्य रथ यात्रा

मेले का मुख्य आकर्षण 27 फरवरी (एकादशी) को सुबह 10:30 बजे निकलने वाली भव्य रथ यात्रा होगी। मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित यह यात्रा प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इस दौरान भीड़ नियंत्रण के लिए संकीर्ण रास्तों पर मजिस्ट्रेट और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ विशेष बैरिकेडिंग की गई है।

Exit mobile version