Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गुडासाई में अवैध शराब भट्ठियों पर पुलिस का प्रहार,2500 किलो जावा-महुआ नष्ट

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गुडासाई में पुलिस और आबकारी विभाग ने शराब माफियाओं के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। जिला पुलिस अधीक्षक (SP) और उत्पाद अधीक्षक के कड़े निर्देशों पर चली इस संयुक्त छापेमारी ने अवैध शराब के कारोबारियों की कमर तोड़ दी है।

संयुक्त टीम की बड़ी सफलता

गुप्त सूचना के आधार पर जिला पुलिस और आबकारी (उत्पाद) विभाग की संयुक्त टीम ने गुडासाई में संचालित हो रही अवैध शराब भट्ठियों पर अचानक दबिश दी। पुलिस की धमक देख मौके पर मौजूद कारोबारी जंगल का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे, लेकिन पुलिस ने उनके ठिकानों को पूरी तरह नेस्तनाबूद कर दिया।

भारी मात्रा में सामग्री जब्त और विनष्ट

छापेमारी के दौरान टीम ने घटनास्थल से अवैध शराब निर्माण की भारी खेप बरामद की जिसमे करीब 2500 किलोग्राम किण्वित जावा-महुआ मौके पर पाया गया, जिसे टीम ने तुरंत विनष्ट कर दिया। 160 लीटर तैयार अवैध देसी शराब जब्त की गई। शराब बनाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे चूल्हों, बर्तनों और अन्य उपकरणों को पूरी तरह तोड़ दिया गया।

अज्ञात कारोबारियों पर मामला दर्ज

उत्पाद विभाग ने इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस फरार संचालकों की पहचान के लिए स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटा रही है। विभाग का कहना है कि जब्त सामग्री को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत मौके पर ही नष्ट कर दिया गया है ताकि इसका दोबारा उपयोग न हो सके।

जारी रहेगा अभियान

प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि जिले में अवैध नशीले पदार्थों और शराब के निर्माण व बिक्री को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। चक्रधरपुर के ग्रामीण इलाकों में इस तरह की छापेमारी आने वाले दिनों में और तेज की जाएगी ताकि शांति व्यवस्था बनी रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button