Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: चाकुलिया स्तिथ मौरबेड़ा के जंगलों में लगी भीषण आग, ग्रामीणों और वन विभाग की तत्परता से टला हादसा

चाकुलिया: गर्मी की दस्तक के साथ ही चाकुलिया वन क्षेत्र के जंगलों में अगलगी की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। सोमवार दोपहर बड़ामारा पंचायत के मौरबेड़ा गांव के पास सड़क किनारे स्थित झाड़ियों और जंगल में अचानक भीषण आग लग गई। शुष्क हवाओं के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

गांव की ओर बढ़ रही थीं लपटें, ग्रामीणों ने दिखाई बहादुरी

जंगल से उठती ऊंची लपटों को गांव की ओर बढ़ता देख मौरबेड़ा के ग्रामीण सहम गए। खतरा भांपते ही ग्रामीण तुरंत हरकत में आए और एकजुट होकर अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिशों में जुट गए। हालांकि, आग इतनी भीषण थी कि पारंपरिक तरीकों से उस पर काबू पाना मुश्किल हो रहा था।

वन विभाग ने एयर ब्लोअर से पाया काबू

स्थिति बिगड़ती देख ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना प्रभारी वनपाल कल्याण महतो को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम दलबल के साथ मौके पर पहुँची। वन कर्मियों ने एयर ब्लोअर तकनीक का उपयोग करते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। विभाग और ग्रामीणों की समय पर दिखाई गई सक्रियता के कारण आग को गांव की सीमा से पहले ही रोक दिया गया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

वन विभाग की अपील: जंगल में न सुलगाएं आग

गर्मी के मौसम में बढ़ती अगलगी की घटनाओं को देखते हुए वन विभाग ने क्षेत्र के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। प्रभारी वनपाल ने कहा कि सूखे पत्तों के कारण आग तेजी से फैलती है, इसलिए जंगल या उसके आसपास बीड़ी-सिगरेट के अवशेष न फेंकें और न ही किसी प्रकार की आग जलाएं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button