Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: बड़कागांव में दिनदहाड़े ज्वेलरी दुकान से बड़ी लूट, विरोध करने पर अपराधियों ने चलाई गोलियां

हजारीबाग (बड़कागांव): झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह अपराधियों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए दिनदहाड़े एक बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। दुकान खुलते ही हथियारों से लैस लुटेरों ने धावा बोला और बंदूक की नोक पर सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए। भागने के दौरान अपराधियों ने दहशत फैलाने के लिए अंधाधुंध फायरिंग की, जिसमें एक स्थानीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

दुकान खुलते ही ‘गन पॉइंट’ पर लूट

जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। भुक्तभोगी प्रभु सोनी अपनी ज्वेलरी दुकान खोलकर बैठे ही थे कि अचानक बाइक सवार अपराधी वहां आ धमके।अपराधियों ने दुकानदार प्रभु सोनी को गन पॉइंट पर ले लिया और शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी दी। लुटेरों ने तेजी से दुकान में रखे कीमती सोने और चांदी के आभूषणों को अपने बैग में भर लिया।

जनता ने किया विरोध, तो अपराधियों ने खोल दिया मोर्चा

लूट की वारदात को अंजाम देकर जब अपराधी भागने की कोशिश कर रहे थे, तभी आस-पास के स्थानीय लोगों और दुकानदारों की नजर उन पर पड़ गई। साहस दिखाते हुए लोगों ने अपराधियों को घेरने और पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख लुटेरों ने पिस्तौल से अंधाधुंध गोलीबारी शुरू कर दी। इस फायरिंग में एक स्थानीय युवक को गोली लग गई, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।

जांच में जुटी पुलिस: पूरे जिले में ‘हाई अलर्ट’

घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना पुलिस दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और वहां से खोखा (खाली कारतूस) बरामद किया है। पुलिस दुकान और आस-पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि अपराधियों का सुराग मिल सके।अपराधियों की धरपकड़ के लिए हजारीबाग जिले के सभी थानों को अलर्ट कर दिया गया है। सीमावर्ती इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

दहशत में व्यापारी वर्ग

दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बड़कागांव के व्यवसायियों में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है। व्यापारियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द लुटेरों की गिरफ्तारी और क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button