Jharkhand: राँची एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला, इंडिगो विमान की ‘हार्ड लैंडिंग’ के दौरान रनवे से टकराया पिछला हिस्सा

रांची। झारखंड की राजधानी राँची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर शुक्रवार देर शाम उस वक्त एक बड़ा हादसा होने से टल गया, जब इंडिगो एयरलाइंस के एक विमान का पिछला हिस्सा ‘हार्ड लैंडिंग’ के दौरान रनवे से टकरा गया।अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना शुक्रवार रात लगभग साढ़े सात बजे हुई। भुवनेश्वर से राँची आ रही इस फ्लाइट में लगभग 70 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि घटना के दौरान किसी भी यात्री या क्रू मेंबर को कोई नुकसान नहीं पहुँचा।
यात्रियों में मची चीख-पुकार
हादसे की जानकारी देते हुए अधिकारियों ने बताया कि लैंडिंग के दौरान अचानक तेज झटका लगने से विमान में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हालांकि, पायलट ने तुरंत विमान को नियंत्रित किया और उसे सुरक्षित लैंडिंग के बाद एप्रन पर ले जाया गया।रांची एयरपोर्ट के डायरेक्टर विनोद कुमार ने पीटीआई को बताया “लैंडिंग के दौरान विमान का पिछला हिस्सा रनवे से छू गया। इस दौरान यात्रियों को अचानक झटका लगा। हालांकि, वे सभी सुरक्षित थे और उन्हें कोई चोट नहीं आई।”
विमान को ‘ग्राउंडेड’ घोषित किया गया
घटना के बाद विमान का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त पाया गया। शुरुआती जाँच में इंजीनियरों ने विमान को उड़ान भरने के लिए अयोग्य पाया। यात्रियों व फ्लाइट कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए, राँची एयरपोर्ट प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से विमान को ‘ग्राउंडेड’ घोषित कर दिया।डायरेक्टर विनोद कुमार ने आगे बताया कि इस घटना के कारण विमान की रांची से भुवनेश्वर की अगली उड़ान रद्द कर दी गई। इसके चलते कुछ यात्रियों को अपनी यात्रा रद्द करनी पड़ी।कुछ यात्रियों ने अपनी यात्रा रीशेड्यूल करवाई।कुछ यात्रियों को सड़क मार्ग से भुवनेश्वर भेजा गया।एजेंसी द्वारा अब विमान में हुए नुकसान और घटना के कारणों की विस्तृत जाँच की जा रही है।



