Bihar : नीतीश जेडीयू नेता, सम्राट चौधरी बीजेपी नेता चुने गए; थोड़ी देर में एनडीए की बैठक

पटना : बिहार की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। राजधानी पटना में आयोजित भाजपा के नवनिर्वाचित विधायकों की बैठक में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। वहीं विजय कुमार सिन्हा को विधायक दल का उपनेता नियुक्त किया गया।बैठक में मौजूद विधायकों ने दोनों नेताओं पर पूर्ण विश्वास जताते हुए तालियों की गड़गड़ाहट के बीच उनके नामों को मंजूरी दी।
केशव प्रसाद मौर्य ने की आधिकारिक घोषणा
बैठक के बाद केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने प्रेस वार्ता कर दोनों नेताओं की सर्वसम्मति से चयन की पुष्टि की। उन्होंने कहा—“भाजपा विधायक दल ने सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के नेतृत्व पर एकजुट होकर सहमति दी है। हमें विश्वास है कि दोनों नेता बिहार में गठबंधन सरकार की दिशा और गति को मजबूत करेंगे।”इसके बाद सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा ने विधायकों का आभार प्रकट किया और केंद्रीय नेतृत्व के प्रति विश्वास जताया।
जदयू ने पहले ही चुना अपना नेता
इधर, इससे पहले जनता दल यूनाइटेड (JDU) की विधायक दल की बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है।इससे स्पष्ट है कि गठबंधन सहयोगी दलों के भीतर नेतृत्व निर्धारण लगभग पूरा हो चुका है।
राजग विधायक दल की बैठक आज, तय होगा मुख्यमंत्री पद का नेता
आज ही राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग/NDA) की संयुक्त विधायक दल की बैठक आयोजित होगी। इस बैठक में गठबंधन का नेता,बिहार के अगले मुख्यमंत्री का औपचारिक चयन किया जाएगा।बैठक के बाद राजग विधायक दल का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगा।
20 नवंबर को मुख्यमंत्री पद का शपथ ग्रहण समारोह
सूत्रों के अनुसार, नए मुख्यमंत्री और मंत्रिपरिषद का शपथ ग्रहण समारोह 20 नवंबर को पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में आयोजित किया जाएगा।इस समारोह में भाजपा, जदयू और राजग के शीर्ष नेता, केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ पदाधिकारी बड़ी संख्या में शामिल होंगे।



