Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: दूसरी शादी की चाह में की थी पत्नी की हत्या, पति समेत 5 गिरफ्तार

गिरिडीह:बगोदर थाना क्षेत्र के कारीपहाड़ी इलाके में कुछ दिनों पूर्व मिले एक महिला के अधजले शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझा लिया है। इस नृशंस हत्याकांड का मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि मृतका का पति ही निकला। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति समेत कुल पांच लोगों को गिरफ्तार किया है।

एसपी ने किया खुलासा: दूसरी शादी बनी हत्या की वजह

गुरुवार को गिरिडीह एसपी डॉ. विमल कुमार और बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार ने प्रेस वार्ता कर पूरे मामले का पर्दाफाश किया। एसपी ने बताया कि मृतका की पहचान साहिना प्रवीण के रूप में हुई है। साहिना, डुमरी थाना क्षेत्र के चिनो गांव निवासी जाबिर अंसारी की पत्नी थी।पुलिस जांच में यह बात निकलकर सामने आई कि आरोपी पति जाबिर अंसारी दूसरी शादी करना चाहता था। साहिना उसके इस फैसले के रास्ते में बाधा बन रही थी। जाबिर ने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए एक खौफनाक योजना बनाई।योजना के तहत जाबिर साहिना को बगोदर के सुनसान इलाके कारीपहाड़ी ले गया, जहाँ अपने करीबियों की मदद से उसकी हत्या कर दी।

सबूत मिटाने के लिए शव को जलाया

हत्या को अंजाम देने के बाद पकड़े जाने के डर से आरोपियों ने साहिना के शव को आग लगा दी। उनका मकसद शव की पहचान मिटाना और पुलिस को गुमराह करना था। हालांकि, पुलिस की तकनीकी जांच और स्थानीय इनपुट के आधार पर साहिना की पहचान सुनिश्चित की गई और हत्यारों तक पहुँचा गया।

इनकी हुई गिरफ्तारी

पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पति जाबिर अंसारी और उसके चार अन्य सहयोगियों को गिरफ्तार किया है। इन सभी पर हत्या और साक्ष्य मिटाने की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जेल भेजा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button