Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: मुजफ्फरपुर में युवक का अपहरण कर 50 हजार की फिरौती मांगी, पुलिस ने 2 घंटे में सकुशल कराया मुक्त

मुजफ्फरपुर। कटरा थाना क्षेत्र के जजुवार ओपी इलाके में रविवार शाम बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक का कथित तौर पर अपहरण कर लिया। इसके बाद अपहृत युवक के मोबाइल से ही उसके स्वजन को फोन कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी गई। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और करीब दो घंटे के भीतर युवक को सकुशल बरामद कर लिया।

बगीचे से युवक को किया गया बरामद

ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने सोमवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि 9 अगस्त की शाम जजुवार ओपी क्षेत्र में बाइक सवार दो बदमाशों ने युवक का अपहरण किया था।घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। टीम में एसडीपीओ पूर्वी-वन, जजुवार ओपी अध्यक्ष समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवानों को शामिल किया गया।पुलिस ने तकनीकी और अन्य माध्यमों से संदिग्धों की गतिविधियों का पता लगाया। इसके बाद जजुवार थाना क्षेत्र के एक बगीचे में छापेमारी की गई, जहां से अपहृत युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने मौके से जजुवार क्षेत्र के मंजय कुमार और सुनील कुमार को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और अपहरण की घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है।

देसी पिस्टल और सात कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, सात कारतूस, घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और अपहृत युवक का मोबाइल फोन बरामद किया है।हथियार और कारतूस की बरामदगी के संबंध में पुलिस ने अलग से प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

मंजय कुमार पर पहले से दर्ज हैं कई मामले

ग्रामीण एसपी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी मंजय कुमार का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट समेत आधा दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि अपहरण की साजिश में और कौन-कौन लोग शामिल थे तथा आरोपियों का आपराधिक नेटवर्क कितना बड़ा है।

स्पीडी ट्रायल से सजा दिलाने की तैयारी

ग्रामीण एसपी ने कहा कि गिरफ्तार आरोपियों को स्पीडी ट्रायल के माध्यम से सजा दिलाने की कवायद की जाएगी। पुलिस अपहरण में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button