Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: गिरिडीह में तेज रफ्तार ट्रक ने बोरवेल वाहन को मारी टक्कर, तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल

झारखंड के गिरिडीह जिले के नगर थाना क्षेत्र स्थित कोलडीहा में शनिवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क किनारे खड़े बोरवेल वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बोरिंग कार्य में लगे तीन मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

रात से चल रहा था बोरिंग का कार्य

जानकारी के अनुसार, कोलडीहा निवासी मो. ताजुद्दीन के घर पर बोरिंग का कार्य चल रहा था। रात करीब 2 बजे बोरवेल वाहन सड़क किनारे खड़ा कर काम शुरू किया गया था। सुबह करीब 4 बजे JH02-AA-2941 नंबर का तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर बोरवेल वाहन से जा टकराया।टक्कर इतनी भीषण थी कि वहां काम कर रहे गंगो मंडल, मनोज दास और रामेश्वर दास गंभीर रूप से घायल हो गए।

बोरवेल मशीन को भी हुआ भारी नुकसान

बोरवेल वाहन के संचालक कार्तिक बरनवाल ने बताया कि उनका वाहन पूरी तरह सड़क किनारे खड़ा था और बोरिंग का कार्य चल रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक ने सीधे वाहन में टक्कर मार दी, जिससे बोरवेल मशीन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

भाग रहे चालक को लोगों ने पकड़ लिया

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन स्थानीय लोगों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने चालक की पिटाई भी कर दी।

पुलिस ने चालक को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक चालक को हिरासत में लेकर थाना ले गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और बोरवेल वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना माना जा रहा है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button