Jharkhand: झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मलिक का निधन, विधानसभा परिसर में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन समेत नेताओं ने दी श्रद्धांजलि

रांची: झारखंड के पूर्व मंत्री मन्नान मलिक का मंगलवार को रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया। उनके निधन की खबर से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।निधन के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम श्रद्धांजलि के लिए झारखंड विधानसभा परिसर लाया गया, जहां राज्य के कई वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्यमंत्री समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
विधानसभा परिसर में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, विधानसभा अध्यक्ष रविंद्रनाथ महतो, मंत्री दीपिका पांडे सिंह, मंत्री दीपक बिरुवा, विधायक कल्पना सोरेन, विधायक मथुरा प्रसाद महतो, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष आलमगीर आलम सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।सभी ने पूर्व मंत्री मन्नान मलिक के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
हेमंत सोरेन बोले— राजनीति से ऊपर उठकर सभी को साथ लेकर चलते थे
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मन्नान मलिक को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि वह राज्य के वरिष्ठ और अनुभवी नेताओं में से एक थे।उन्होंने कहा,”मन्नान मलिक बहुत बड़े नेता रहे हैं। उनके साथ मुझे काम करने का अवसर मिला। वे मेरे कैबिनेट सहयोगी भी रहे और लंबे समय तक सक्रिय राजनीतिक जीवन जिया। उनकी सबसे बड़ी विशेषता यह थी कि वे राजनीति से ऊपर उठकर सभी के साथ समन्वय बनाकर चलते थे। उनसे मुझे बहुत कुछ सीखने का अवसर मिला। ऐसे व्यक्तित्व बहुत कम मिलते हैं। राजनीति में उनका कद काफी ऊंचा था। हम सभी ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की है।”
राजनीतिक जगत में शोक
पूर्व मंत्री मन्नान मलिक के निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और सामाजिक संगठनों ने भी गहरा शोक व्यक्त किया। उन्हें एक अनुभवी, सरल और सर्वस्वीकार्य नेता के रूप में याद किया जा रहा है।



