Bihar INFACTBreakingNews

Bihar: बांकीपुर उपचुनाव के बीजेपी उम्मीदवार अभिषेक सिन्हा बंटी ने चुनाव लड़ने से किया इनकार, नामांकन वापस लिया

बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) को बड़ा झटका लगा है। पार्टी के घोषित उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ‘बंटी’ ने चुनाव लड़ने से इनकार करते हुए अपना नामांकन वापस ले लिया है। उन्होंने इस संबंध में बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी को पत्र लिखकर चुनावी मैदान से हटने की जानकारी दी।शुक्रवार शाम पटना स्थित बीजेपी प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में अभिषेक सिन्हा बंटी ने कहा कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगे। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि वह पार्टी के एक समर्पित कार्यकर्ता के रूप में संगठन के लिए काम करते रहेंगे।

एक दिन पहले ही किया था नामांकन

गौरतलब है कि अभिषेक सिन्हा बंटी ने एक दिन पहले ही बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल किया था। इस दौरान बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत एनडीए के कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे। नामांकन के बाद पटना के स्काउट एंड गाइड मैदान में आयोजित जनसभा में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सहित कई नेताओं ने उनके समर्थन में प्रचार भी किया था।

चुनाव लड़ने से पीछे हटने की क्या है वजह?

अभिषेक सिन्हा बंटी ने चुनाव नहीं लड़ने की कोई विस्तृत वजह सार्वजनिक रूप से नहीं बताई। हालांकि मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने प्रदेश नेतृत्व को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए चुनाव से हटने की जानकारी दी है।

बीजेपी के सामने नया उम्मीदवार तलाशने की चुनौती

अभिषेक सिन्हा बंटी के नामांकन वापस लेने के बाद अब बीजेपी के सामने बांकीपुर सीट के लिए नया उम्मीदवार तय करने की चुनौती खड़ी हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 13 जुलाई है। ऐसे में पार्टी को अगले दो-तीन दिनों के भीतर नए प्रत्याशी के नाम पर फैसला लेना होगा।इस सीट पर बीजेपी का मुकाबला जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर और आरजेडी की रेखा गुप्ता से माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button