Jharkhand: कपाली गोलीकांड का 24 घंटे में खुलासा, मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन गिरफ्तार

सरायकेला-खरसावां पुलिस ने कपाली ओपी क्षेत्र में हुई जानलेवा फायरिंग की घटना का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी मोहम्मद जाहिद अंसारी उर्फ गोल्डन को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
शेख नूर मोहम्मद उर्फ काना पर की थी फायरिंग
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने पत्रकारों को बताया कि कपाली ओपी क्षेत्र में आरोपी ने शेख नूर मोहम्मद उर्फ बाबू भाई उर्फ काना पर जान से मारने की नीयत से पिस्टल से फायरिंग की थी। गोली उनके पैर को छूते हुए निकल गई, जिससे वह घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया। घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस और एक खोखा भी बरामद किया गया था।
गुप्त सूचना के आधार पर घर के बाहर बिछाया जाल
घटना के बाद आरोपी लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि वह देर रात कपड़े लेने अपने घर पहुंच सकता है। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने उसके घर के बाहर घेराबंदी कर दी।देर रात जैसे ही आरोपी घर पहुंचा, पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे दबोच लिया। पूछताछ के दौरान उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त देसी पिस्टल भी बरामद कर ली गई।
आरोपी छह बार जा चुका है जेल
एसपी मनोज स्वर्गीयारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में छह मामलों में जेल जा चुका है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और इस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी गहन जांच कर रही है।उन्होंने कहा कि जिले में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इन पुलिसकर्मियों ने निभाई अहम भूमिका
इस कार्रवाई में कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। छापेमारी दल में सब इंस्पेक्टर रंजीत कुमार सिंह, सब इंस्पेक्टर हीरालाल मुंडू तथा टाइगर जवान विपुल कुमार तिवारी शामिल थे। पुलिस की त्वरित रणनीति और तकनीकी निगरानी के चलते महज 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा हो गया।



