BollywoodEntertainmentNews

Entertainment: ZEE5 से हटाई गई दिलजीत दोसांझ की फिल्म ‘सतलुज’, रिलीज के तीन दिन बाद स्ट्रीमिंग पर लगी रोक

मनोरंजन डेस्क : दिलजीत दोसांझ की बहुचर्चित फिल्म ‘सतलुज’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म ZEE5 से रिलीज के महज तीन दिन बाद हटा दिया गया है। फिल्म 3 जुलाई को भारत में स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध कराई गई थी, लेकिन अब इसे अगले आदेश तक भारतीय दर्शकों के लिए रोक दिया गया है।

ZEE5 ने जारी किया आधिकारिक बयान

ZEE5 ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए जानकारी देते हुए कहा कि हालिया घटनाक्रम को देखते हुए फिल्म को फिलहाल भारत में स्ट्रीमिंग से हटा दिया गया है।प्लेटफॉर्म ने अपने बयान में कहा कि”ताजा घटनाक्रम को देखते हुए ‘सतलुज’ अगले नोटिस तक भारत में देखने के लिए उपलब्ध नहीं होगी। हम आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर जल्द ही इसे फिर से दर्शकों के लिए उपलब्ध कराने का प्रयास करेंगे।”हालांकि, फिल्म हटाने के पीछे के सटीक कारणों की विस्तृत जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।

तीन साल तक सेंसर विवाद में फंसी रही फिल्म

यह फिल्म मूल रूप से ‘पंजाब ’95’ नाम से बनाई गई थी और इसका निर्देशन हनी त्रेहान ने किया है।फिल्म लंबे समय तक सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन के साथ सर्टिफिकेशन विवाद में फंसी रही। निर्देशक ने पहले दावा किया था कि बोर्ड ने फिल्म में 127 कट लगाने का सुझाव दिया था।लंबे कानूनी संघर्ष के बाद फिल्म नए नाम ‘सतलुज’ से ZEE5 पर रिलीज हुई थी।

मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित है फिल्म

‘सतलुज’ प्रसिद्ध मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालरा के जीवन पर आधारित फिल्म है।फिल्म में दिलजीत दोसांझ के अलावा कंवलजीत सिंह, अर्जुन रामपाल, सुविंदर विक्की और गीतिका विद्या ओल्यान प्रमुख भूमिकाओं में नजर आते हैं।

बिना कट के हुई थी रिलीज

फिल्म ZEE5 पर बिना किसी कट के रिलीज की गई थी। रिलीज के बाद निर्देशक हनी त्रेहान और दिलजीत दोसांझ ने इसकी स्ट्रीमिंग पर खुशी भी जताई थी। हालांकि, यह खुशी ज्यादा समय तक नहीं टिक सकी और फिल्म को तीन दिन के भीतर ही प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया।फिलहाल ZEE5 का कहना है कि आवश्यक प्रक्रिया पूरी होने के बाद फिल्म को दोबारा भारतीय दर्शकों के लिए उपलब्ध कराया जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button