Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग पर दर्दनाक हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत

सरायकेला: सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग की जर्जर सड़क ने बुधवार को एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। जिला समाहरणालय (डीसी ऑफिस) के समीप टीवीएस शोरूम के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार सुलेखा महतो की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुलेखा महतो अपने देवर के साथ किसी जरूरी काम से डीसी ऑफिस आई थीं। काम पूरा करने के बाद दोनों सोनुवा स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डीसी ऑफिस के समीप एक अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

मौके पर हुई मौत, चालक वाहन लेकर फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी भीषण थी कि सुलेखा महतो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की पहचान कर गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।

जर्जर सड़क को बताया हादसे का बड़ा कारण

हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने सरायकेला-टाटा मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति को दुर्घटना का प्रमुख कारण बताया। उनका कहना है कि सड़क पर बड़े-बड़े गड्ढे, उखड़ी हुई सतह और लगातार बढ़ रहे ओवरलोड वाहनों का दबाव सड़क को बेहद खतरनाक बना चुका है।स्थानीय नागरिकों ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई, जिससे आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं।

प्रशासन और विभाग की कार्यशैली पर उठे सवाल

घटना के बाद लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत की मांग की। साथ ही ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की भी मांग की गई।स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति में सुधार नहीं किया गया, तो भविष्य में भी ऐसे हादसे लोगों की जान लेते रहेंगे।

पुलिस जांच में जुटी

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि फरार वाहन और चालक की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button