Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: मुहर्रम से पहले बोकारो में मॉक ड्रिल, प्रशासन ने परखी सुरक्षा तैयारियां

बोकारो: आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए बोकारो जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में बुधवार को बोकारो-रामगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित संवेदनशील क्षेत्र सिवनडीह के पास व्यापक स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया।मॉक ड्रिल में जिले के उपायुक्त (डीसी) अजय नाथ झा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) नाथू सिंह मीणा समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

अप्रिय स्थिति से निपटने की तैयारियों का हुआ प्रदर्शन

मॉक ड्रिल के दौरान कानून-व्यवस्था बिगड़ने की काल्पनिक स्थिति तैयार की गई, जिसमें पुलिस और उपद्रवियों के बीच टकराव का दृश्य प्रस्तुत किया गया। इस दौरान पुलिस बल ने दंगा नियंत्रण के लिए विभिन्न उपायों का प्रदर्शन किया।अभ्यास के दौरान वॉटर कैनन, आंसू गैस, रबर बुलेट और लाठीचार्ज जैसे संसाधनों का उपयोग कर उपद्रवियों को नियंत्रित करने की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया। इसका उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में पुलिस की तत्परता और समन्वय का परीक्षण करना था।

डीसी और एसपी ने दिया सख्त संदेश

मॉक ड्रिल के बाद डीसी अजय नाथ झा और एसपी नाथू सिंह मीणा ने कहा कि यह अभ्यास मुहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से किया गया है अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान शांति भंग करने या किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करने वालों के खिलाफ प्रशासन सख्ती से कार्रवाई करेगा।

सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी

प्रशासन ने बताया कि सोशल मीडिया पर फैलने वाली अफवाहों और भ्रामक सूचनाओं पर विशेष नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे किसी भी अपुष्ट जानकारी को साझा न करें और अफवाहों से बचें।उन्होंने कहा कि जिले के संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और दंडाधिकारियों (मजिस्ट्रेट) की तैनाती की गई है ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।

शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

प्रशासन ने सभी समुदायों से मुहर्रम पर्व को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था बनाए रखना सभी की साझा जिम्मेदारी है और किसी भी असामाजिक तत्व को बख्शा नहीं जाएगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button