Bihar INFACTNews

Bihar: गंगा स्नान के दौरान बड़ा हादसा, चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियां गंगा में डूबीं

भागलपुर: वासुदेवपुर थाना क्षेत्र के श्यामपुर बकचपरा गंगा घाट पर बुधवार सुबह गंगा स्नान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा स्नान करने गई चार सगी बहनों समेत पांच किशोरियां गंगा की तेज धारा में डूब गईं। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि परिजनों के बीच कोहराम मच गया।

गंगाजल भरने गई थीं किशोरियां

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बकचपरा निवासी क्रांति पासवान की पुत्रियां संगीता कुमारी, बिनीता कुमारी, संध्या कुमारी और सोनम कुमारी तथा पड़ोसी चमन लाल पासवान की पुत्री हिना कुमारी बुधवार सुबह गंगा स्नान करने और गंगाजल भरकर घर लाने के लिए बकचपरा गंगा घाट पहुंची थीं।बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान सभी किशोरियां गंगा में उतर गईं और अचानक गहरे पानी में चली गईं। तेज धारा और गहराई के कारण वे डूबने लगीं, जिससे घाट पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।

सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और एसडीआरएफ की टीम

घटना की जानकारी स्थानीय लोगों ने तुरंत वासुदेवपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एसडीआरएफ तथा स्थानीय गोताखोरों की टीम को बुलाया गया।इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। पुलिस, एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त रूप से गंगा में सर्च ऑपरेशन चलाया।

एक किशोरी को बरामद किया गया, चार की तलाश जारी

काफी मशक्कत के बाद एसडीआरएफ और गोताखोरों की टीम ने संगीता कुमारी को गंगा से बरामद कर लिया। वहीं समाचार लिखे जाने तक अन्य चार किशोरियों की तलाश जारी थी।अधिकारियों के अनुसार, लापता किशोरियों की खोज के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और राहत-बचाव कार्य युद्धस्तर पर जारी है।

गंगा घाट पर जुटी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन गंगा घाट पर पहुंच गए। अपने बच्चों की तलाश में जुटे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।स्थानीय प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और खोज अभियान को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button