Jharkhand: दीपावली की रात धतकीडीह में मकान में लगी भीषण आग, अंदर खड़ी बाइक जलकर राख

जमशेदपुर: दीपावली की रात जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत धतकीडीह में एक मकान में अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना आंध्रा एसोसिएशन के पास मैदान के समीप की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मकान के अंदर खड़ी एक बाइक पूरी तरह जलकर राख हो गई।आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग तेजी से फैलती चली गई। इस दौरान आसपास के मकानों तक आग पहुंचने की आशंका से लोगों में दहशत बनी रही।
पिछले दरवाजे से निकलकर व्यक्ति ने बचाई जान
बताया जा रहा है कि आग लगने के समय मकान के अंदर एक व्यक्ति मौजूद था। आग फैलने के कारण उसके लिए मुख्य रास्ते से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। हालांकि, उसने सूझबूझ दिखाते हुए मकान के पिछले दरवाजे से बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। इससे एक बड़ा हादसा टल गया।घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, मकान और उसमें रखे अन्य सामान को कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन किया जाना बाकी है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, मकान के अंदर खड़ी बाइक आग की चपेट में आ गई और कुछ ही देर में पूरी तरह जल गई।
दमकल की टीम ने काफी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इसके बाद आसपास के लोगों ने राहत की सांस ली।प्रारंभिक तौर पर आग लगने के पीछे शॉर्ट सर्किट या दीपावली के दौरान जलाए गए पटाखे की चिंगारी की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या इसकी वजह कुछ और थी।



