Jharkhand INFACTNews

Jharkhand:झारखंड राज्यसभा चुनाव को लेकर दूसरी सीट पर कांग्रेस की दावेदारी, सीएम हेमंत सोरेन ने मांगा समय

रांची: झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए 18 जून को होने वाले चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। दूसरी सीट पर कांग्रेस ने अपनी दावेदारी पेश की है। इस मुद्दे पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से कांग्रेस नेताओं ने मुलाकात की, जिस पर मुख्यमंत्री ने निर्णय के लिए दो से तीन दिनों का समय मांगा है।

कांग्रेस नेताओं ने की मुख्यमंत्री से मुलाकात

राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू और तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। बैठक में कांग्रेस ने दूसरी सीट पर अपना उम्मीदवार उतारने की इच्छा जताई।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महागठबंधन एकजुट रहता है तो दोनों सीटों पर जीत सुनिश्चित की जा सकती है। उन्होंने मुख्यमंत्री से गठबंधन धर्म निभाने की अपील की।

कांग्रेस की राह आसान नहीं

झारखंड विधानसभा में जेएमएम के 34 विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव में एक उम्मीदवार की जीत के लिए 28 वोटों की आवश्यकता होगी। अपने उम्मीदवार को जिताने के बाद जेएमएम के पास 6 वोट बचेंगे।कांग्रेस के 16 विधायक और जेएमएम के 6 अतिरिक्त वोट मिलाकर कुल संख्या 22 होती है। ऐसे में कांग्रेस उम्मीदवार को जीत के लिए 6 और वोटों की जरूरत पड़ेगी। इसके लिए आरजेडी के 4 और भाकपा-माले के 2 विधायकों का समर्थन अहम माना जा रहा है।

सिर्फ जेएमएम का समर्थन पर्याप्त नहीं

सूत्रों के मुताबिक मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कांग्रेस नेताओं को बताया कि केवल जेएमएम का समर्थन मिलने से कांग्रेस उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित नहीं होगी। इसके लिए गठबंधन में शामिल आरजेडी और भाकपा-माले का समर्थन भी आवश्यक है।इसी को लेकर कांग्रेस की ओर से दोनों दलों के नेताओं से भी संपर्क साधा जा रहा है।

धीरज साहू और प्रदीप बलमुचू ने खुद को किया अलग

राज्यसभा चुनाव की संभावित दावेदारी से पूर्व सांसद धीरज प्रसाद साहू और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रदीप बालमुचू ने स्वयं को अलग कर लिया है।प्रदीप बलमुचू ने कहा कि यदि उन्हें उम्मीदवार बनाया जाता है तो क्रॉस वोटिंग की संभावना के चलते हार का सामना करना पड़ सकता है। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने अपनी दावेदारी पेश की है।

आरजेडी को तेजस्वी यादव के फैसले का इंतजार

दूसरी ओर, आरजेडी के चार विधायकों को पार्टी नेतृत्व के संकेत का इंतजार है। आरजेडी कोटे से झारखंड सरकार में मंत्री संजय प्रसाद यादव ने कहा कि अंतिम निर्णय पार्टी के शीर्ष नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा।राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राज्यसभा चुनाव में दूसरी सीट को लेकर आने वाले कुछ दिनों में महागठबंधन के भीतर महत्वपूर्ण राजनीतिक निर्णय सामने आ सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button