NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: लखनऊ चारबाग स्टेशन के शेड गिरने पर रेलवे के तीन इंजीनियर सस्पेंड, संस्था पर 50 लाख का जुर्माना

लखनऊ: उत्तर रेलवे के चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर पांच पर शुक्रवार सुबह हुए हादसे के बाद रेलवे प्रशासन सख्त रुख अपना रहा है। शेड गिरने के मामले में घोर लापरवाही बरतने पर कार्यदायी संस्था पर 50 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है, साथ ही तीन जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

कैसे हुआ हादसा?

शुक्रवार सुबह लगभग 8:15 बजे, जब यात्री कुंभ एक्सप्रेस का इंतजार कर रहे थे, प्लेटफार्म नंबर पांच के शेड का 70 फीट लंबा और 30 फीट चौड़ा हिस्सा अचानक भरभरा कर गिर गया।हादसे में ड्यूटी पर तैनात टीटीई भूपेंद्र सिंह और दो यात्री (अखिलेश व साहिल) मलबे में दब गए।टीटीई के दोनों पैरों में फ्रैक्चर है, जबकि यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।गनीमत रही कि इंटरसिटी एक्सप्रेस हादसे से कुछ देर पहले ही रवाना हुई थी, वरना हताहतों की संख्या बढ़ सकती थी।

रेलवे की बड़ी कार्रवाई: कौन-कौन नपे?

उत्तर रेलवे के जीएम राजेश कुमार पाण्डेय और प्रिंसिपल चीफ सेफ्टी पंकज ने दिल्ली से पहुंचकर घटनास्थल की बारीकी से जांच की। जांच के बाद ईपीसी कॉन्ट्रैक्टर (कार्यदायी संस्था) पर 50 लाख रुपये का जुर्माना। आरएलडीए के प्रोजेक्ट इंजीनियर, असिस्टेंट इंजीनियर और लखनऊ डिवीजन के इंचार्ज वर्क्स सुपरवाइज़र को सस्पेंड किया गया। पीएमसी के टीम लीडर (अथॉरिटी इंजीनियर) को काम से हटा दिया गया है। हेडक्वार्टर के तीन वरिष्ठ अधिकारियों की कमेटी गठित की गई है।

जांच में खुलासा: नवीनीकरण के चक्कर में सुरक्षा की अनदेखी

स्टेशन पर पुनर्विकास का काम चल रहा है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पुनर्विकास कार्य के दौरान क्रेन की आवाजाही का असर शेड के ढांचे पर पड़ा।शेड के लोहे में जंग लगा था और नियमित देखभाल की कमी थी क्योंकि इस हिस्से को हटाया जाना था।जीएम ने बताया कि सुरक्षा मानकों में चूक पाए जाने पर संबंधित संस्था के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है।

यात्रियों को हुई परेशानी, कुंभ एक्सप्रेस आउटर पर रुकी

हादसे के बाद कुंभ एक्सप्रेस को आउटर पर ही रोक दिया गया। स्थिति सामान्य होने के बाद ट्रेन 1 घंटा 44 मिनट की देरी से प्लेटफार्म पर पहुँची। डीआरएम ने घायलों के इलाज का पूरा खर्च रेलवे द्वारा वहन करने का आश्वासन दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button