Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: हजारीबाग में जहरीली गैस से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, महुआ शराब बनाने के दौरान हुआ हादसा

हज़ारीबाग़ जिले के कटकमदाग क्षेत्र से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कूद गांव में जहरीली गैस की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य सदस्य की हालत गंभीर बनी हुई है।जानकारी के अनुसार परिवार ने सेप्टिक टैंक में महुआ शराब बनाने के लिए जावा जमा कर रखा था। इसी दौरान टैंक में बनी जहरीली गैस हादसे का कारण बन गई।

महिला को बचाने उतरे परिवार के सदस्य भी बने शिकार

पुलिस के मुताबिक, सबसे पहले चमेली देवी शराब निकालने के लिए टैंक में उतरी थीं। जहरीली गैस की चपेट में आने से वह वहीं बेहोश हो गईं।काफी देर तक बाहर नहीं आने पर उनका बेटा टैंक में उतरा, लेकिन वह भी गैस की चपेट में आकर बेसुध हो गया। इसके बाद दोनों को बचाने के लिए चाचा नीचे उतरे, लेकिन उनकी भी मौके पर मौत हो गई।इस तरह एक-एक कर परिवार के तीन लोगों की जान चली गई।

पति की हालत गंभीर, अस्पताल में भर्ती

अपने परिवार के लोगों को बचाने के प्रयास में चमेली देवी के पति भी टैंक में उतरे और जहरीली गैस की चपेट में आकर बेहोश हो गए।उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।

अवैध महुआ शराब बनाने की आशंका

प्रारंभिक जांच में पुलिस को मौके से अवैध महुआ शराब भी बरामद हुई है।पुलिस का कहना है कि अवैज्ञानिक तरीके से शराब बनाने और उसे बंद टैंक में रखने के कारण जहरीली गैस बनी, जिससे यह हादसा हुआ।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलने पर कटकमदाग थाना की टीम मौके पर पहुंची।थाना प्रभारी सरोज कुमार सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button