NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: वीरू’ स्टाइल में मोबाइल टावर पर चढ़ा सिरफिरा आशिक, अब सलाखों के पीछे

बुलंदशहर : स्याना कोतवाली के बरौली गांव निवासी अतुल नामक युवक ने मंगलवार सुबह औरंगाबाद के लखावटी गांव में हाई-वोल्टेज ड्रामा किया। अपनी पूर्व प्रेमिका से शादी की मांग को लेकर वह टावर पर चढ़ गया, जिसे नीचे उतारने के लिए पुलिस को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

70 फीट ऊंचा टावर और पेट्रोल की केन

अतुल नोएडा में टैक्सी चलाता है। मंगलवार सुबह करीब 8 बजे वह अपनी प्रेमिका (छात्रा) के गांव लखावटी पहुंचा।खुद पर पेट्रोल छिड़ककर वह गांव के 70 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। उसने छात्रा के पिता को फोन कर धमकी दी कि जब तक युवती को मौके पर नहीं बुलाया जाता, वह आग लगाकर नीचे कूद जाएगा।

पुलिस और एम्बुलेंस के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलते ही औरंगाबाद थाना इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम भारी पुलिस बल और पीआरवी 112 के साथ मौके पर पहुंचे। एहतियातन सीएचसी लखावटी से एम्बुलेंस को भी बुला लिया गया।टावर के नीचे सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई, जो युवक को समझाने की कोशिश कर रहे थे।लगभग एक घंटे तक अतुल टावर के ऊपर से चिल्लाता रहा और कूदने का नाटक करता रहा।

युवती से बात के बाद उतरा नीचे

पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए छात्रा को मौके पर बुलाया। पुलिस ने छात्रा और युवक की फोन पर बात करवाई। छात्रा के समझाने और पुलिस के आश्वासन के बाद अतुल टावर से नीचे उतरने को तैयार हुआ। नीचे उतरते ही पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया और उसके पास से पेट्रोल से भरी केन बरामद की।

‘प्यार’ का अंत: सलाखों के पीछे पहुंचा प्रेमी

युवक के नीचे उतरते ही कहानी ने नया मोड़ ले लिया। जिस छात्रा के लिए वह टावर पर चढ़ा था, उसी ने उसके खिलाफ कानूनी मोर्चा खोल दिया।छात्रा ने थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया कि अतुल उसे लंबे समय से परेशान कर रहा था और जबरन शादी का दबाव बना रहा था। इंस्पेक्टर मोहम्मद असलम ने बताया कि पहले दोनों के बीच प्रेम प्रसंग था, लेकिन अब लड़की उसके साथ नहीं रहना चाहती। युवती की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी अतुल को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button