Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: डिमना लेक में फिर मिला अज्ञात महिला का शव, 4 दिन में दूसरी लाश मिलने से पटमदा-बोड़ाम क्षेत्र में दहशत

पटमदा: जमशेदपुर का प्रसिद्ध पर्यटन स्थल डिमना लेक इन दिनों रहस्यमयी घटनाओं और मौतों का केंद्र बनता जा रहा है। रविवार दोपहर बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित इस लेक में एक अज्ञात महिला का शव तैरता हुआ पाए जाने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। गौरतलब है कि महज चार दिन पहले, गुरुवार को भी इसी लेक से एक अज्ञात पुरुष का शव बरामद किया गया था, जिसकी गुत्थी अब तक अनसुलझी है।

4 दिन के भीतर दूसरी घटना: हादसा या बड़ी साजिश?

लगातार दूसरी बार शव मिलने से स्थानीय ग्रामीणों में भय और अनिश्चितता का माहौल है।रविवार को स्थानीय लोगों की नजर पानी में उतराते महिला के शव पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत बोड़ाम थाना पुलिस को सूचित किया गया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी नीरज कुमार दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और स्थानीय गोताखोरों व ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद शव को पानी से बाहर निकाला। प्राथमिक जांच में महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं।

अनसुलझे सवाल: आत्महत्या, दुर्घटना या हत्या?

लगातार हो रही इन घटनाओं ने पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों के सामने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार को मिले पुरुष के शव की पहचान अब तक नहीं हो सकी है। क्या इन दोनों मौतों के बीच कोई आपसी संबंध है? क्या डिमना लेक जैसे असुरक्षित और सुनसान इलाकों का फायदा अपराधी उठा रहे हैं, या ये मामले आत्महत्या के हैं?पुलिस आसपास के थानों (पटमदा, एमजीएम, मानगो) से संपर्क कर पिछले एक सप्ताह के भीतर दर्ज हुई ‘गुमशुदगी’ की शिकायतों का मिलान कर रही है।

बोड़ाम पुलिस का पक्ष

बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार ने मीडिया को बताया कि मामला अत्यंत संवेदनशील है। पुलिस हर तकनीकी और मानवीय पहलू से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों (डूबने से मौत या हत्या) का खुलासा हो पाएगा। पुलिस ने डिमना लेक के आसपास गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने की बात भी कही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button