NewsUP INFACT

Uttar Pradesh:मेरठ की दो सगी बहनें को पुलिस ने मुंबई के होटल से किया बरामद, वजह जान उड़े सबके होश

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से लापता हुई दो सगी बहनों को पुलिस ने 48 घंटे के भीतर मायानगरी मुंबई से सुरक्षित बरामद कर लिया है। दोनों बहनें मुंबई के एक होटल में ठहरी हुई थीं। पुलिस की पूछताछ में जो सच्चाई सामने आई, उसने पुलिस अधिकारियों और परिजनों को हैरान कर दिया। दोनों बहनें अपने सपनों को पंख देने के लिए बिना बताए घर से निकल गई थीं।

10 मार्च को दर्ज हुई थी किडनैपिंग की शिकायत

मामला मेरठ के मेडिकल थाना क्षेत्र का है। 10 मार्च को एक महिला ने थाने पहुंचकर अपनी दो बेटियों (16 वर्ष और 18 वर्ष) के लापता होने की तहरीर दी थी। 14 महीने पहले पति को खो चुकी मां को डर था कि उनकी बेटियों का अपहरण हो गया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत मुकदमा दर्ज कर मोबाइल लोकेशन ट्रेस करना शुरू किया।

कोरियन सिंगिंग का शौक और 10 भाषाओं का ज्ञान

पूछताछ में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि दोनों बहनों को कोरियन सिंगिंग का जबरदस्त जुनून था। मां के मुताबिक, दोनों बच्चियों ने इंटरनेट की मदद से 10 अलग-अलग भाषाएं सीख ली थीं।वे सिंगिंग में अपना करियर बनाना चाहती थीं और ‘इंडियन आइडल’ के ऑडिशन में हिस्सा लेना चाहती थीं। उन्हें लगा कि मां अनुमति नहीं देंगी, इसलिए उन्होंने घर से भागने का फैसला किया।

घर की कार और ऑनलाइन ड्राइवर के जरिए सफर

पुलिस के अनुसार, दोनों बहनों ने घर छोड़ने के लिए एक सोची-समझी योजना बनाई थी जिसमे उन्होंने ऑनलाइन एक ड्राइवर बुक किया।घर में खड़ी अपनी कार लेकर वे चुपचाप निकल गईं।जब मां घर पहुंचीं तो बेटियां और कार दोनों गायब थे, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

पुलिस का एक्शन और सफल बरामदगी

सीओ सिविल लाइन, अभिषेक तिवारी ने बताया कि शिकायत मिलते ही मेडिकल थाना पुलिस सक्रिय हुई। तकनीकी सर्विलांस की मदद से बहनों की लोकेशन मुंबई में मिली।मेरठ पुलिस की एक टीम तुरंत मुंबई रवाना हुई और वहां के एक होटल से दोनों को बरामद कर लिया।दोनों बहनों को सुरक्षित मेरठ लाया गया है और आज उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।इस घटना ने अभिभावकों को बच्चों की इंटरनेट गतिविधियों और उनके सपनों के प्रति जागरूक रहने का एक बड़ा संदेश दिया है। फिलहाल दोनों बच्चियां सुरक्षित अपनी मां के पास वापस आ गई हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button