NewsUP INFACT

Uttar Pradesh: प्रेमिका को साथ ले जाने की जिद पर अड़े प्रेमी का बेरहमी से कत्ल, युवती के पिता और जीजा हिरासत में

फतेहपुर :उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में प्रेम-प्रसंग के चलते एक युवक की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान इटावा निवासी सौरभ यादव (27 वर्ष) के रूप में हुई है, जिसका शव मंगलवार सुबह हरसिंहपुर रोड के किनारे खून से लथपथ बरामद किया गया। आरोप है कि युवती के पिता और जीजा ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया है।

इटावा में शुरू हुई थी प्रेम कहानी

मृतक सौरभ यादव इटावा जिले के चौबिया थाना क्षेत्र का रहने वाला था। जानकारी के मुताबिक, कुछ समय पहले सौरभ की मुलाकात फतेहपुर के हरसिंहपुर निवासी एक युवक से हुई थी, जो इटावा में ही नौकरी करता था। सौरभ का उस युवक के कमरे पर आना-जाना शुरू हुआ, जहां उसकी मुलाकात युवक की साली से हुई। धीरे-धीरे दोनों के बीच प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। जब परिजनों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने विरोध किया और युवती को वापस फतेहपुर उसके गांव भेज दिया।

जिद बनी मौत की वजह: साथ ले जाने पर अड़ा था प्रेमी

सौरभ अपनी प्रेमिका से दूर नहीं रह सका और सोमवार को उसे ढूंढते हुए उसके गांव हरसिंहपुर पहुंच गया।गांव में सौरभ की मौजूदगी की सूचना मिलते ही युवती के जीजा और पिता ने अन्य साथियों के साथ मिलकर पहले उसकी जमकर पिटाई की और उसे वापस जाने की धमकी दी। ग्रामीणों के अनुसार, सौरभ युवती को अपने साथ ले जाने की जिद पर अड़ा था। इसी बात से आक्रोशित होकर युवती के परिजनों ने सोमवार रात उसे पकड़ लिया और गांव के बाहर ले जाकर धारदार हथियार से उसके चेहरे और सिर पर ताबड़तोड़ वार कर उसे मौत के घाट उतार दिया।

पुलिस की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

इस घटना ने स्थानीय पुलिस की सतर्कता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटनास्थल से मात्र 200 मीटर की दूरी पर कुंअरपुर पुलिस चौकी स्थित है। ग्रामीणों का कहना है कि सोमवार को दिनभर गांव में हंगामा और मारपीट होती रही, लेकिन पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी। चर्चा है कि यदि समय रहते मलवा पुलिस हस्तक्षेप करती, तो शायद सौरभ की जान बच सकती थी।

जांच और गिरफ्तारी

सीओ सिटी गौरव शर्मा ने बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में दो मुख्य संदिग्धों (युवती के पिता और जीजा) को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। पुलिस जल्द ही इस मामले का औपचारिक खुलासा कर आरोपियों को जेल भेजेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button