Jharkhand: जमशेदपुर के वास्तु बिहार में भीषण आग से तीन वाहन जलकर क्षतिग्रस्त, एक कारें पूरी तरह राख

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के वास्तु बिहार परिसर में रविवार देर रात अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग की चपेट में आने से तीन कारें क्षतिग्रस्त हो गईं। इनमें दो कारें पूरी तरह जलकर राख हो गईं, जबकि तीसरी कार को आंशिक नुकसान पहुंचा है।
कचरे के ढेर से आग फैलने की आशंका
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, वास्तु बिहार परिसर में कचरे के ढेर में आग लगी थी। आशंका जताई जा रही है कि कचरे से उठी चिंगारी पास में खड़ी कारों तक पहुंच गई, जिसके बाद आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और देखते ही देखते आसपास खड़े वाहन इसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों ने मिलकर बुझाई आग
वाहनों से आग की ऊंची लपटें उठती देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। इसके बाद आसपास के लोगों ने एकजुट होकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।इस घटना में दो कारें पूरी तरह जल गईं, जबकि तीसरी कार आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुई है। इससे वाहन मालिकों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक राशि का आकलन अभी नहीं हो पाया है।
किसी के हताहत होने की सूचना नहीं
राहत की बात यह रही कि अगलगी की इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। फिलहाल आग लगने के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।



