Jharkhand: बंडामुंडा में जंगली हाथी का हमला, 56 वर्षीय महिला रेलकर्मी की मौके पर मौत

चक्रधरपुर। दक्षिण-पूर्व रेलवे के चक्रधरपुर रेल मंडल अंतर्गत बंडामुंडा क्षेत्र में बुधवार सुबह जंगली हाथी के हमले में 56 वर्षीय महिला रेलकर्मी की मौत हो गई। महिला रेलवे ट्रैक के पास से गुजर रही थीं, तभी हाथी ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और रेलकर्मियों में शोक की लहर है।
सुबह करीब चार बजे रेलवे यार्ड के पास हुआ हमला
मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मरियम लकड़ा के रूप में हुई है। वह चक्रधरपुर में ड्यूटी करने के लिए घर से निकली थीं। ट्रेन पकड़ने के लिए पैदल बंडामुंडा रेलवे स्टेशन की ओर जा रही थीं। इसी दौरान रेलवे यार्ड के पास उनका सामना एक जंगली हाथी से हो गया।बताया जा रहा है कि हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया। हमले में मरियम लकड़ा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। यह घटना बुधवार सुबह करीब चार बजे की बताई जा रही है।
बैग में मिले रेलवे पहचान पत्र से हुई शिनाख्त
सुबह जब अन्य रेलकर्मी रेलवे यार्ड पहुंचे, तो वहां महिला का क्षत-विक्षत शव देखकर इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल संबंधित अधिकारियों को दी गई।मृतका के पास मौजूद बैग की तलाशी लेने पर रेलवे का पहचान पत्र मिला। इसके आधार पर उनकी पहचान मरियम लकड़ा के रूप में हुई। घटना की जानकारी मिलने के बाद से रेलकर्मियों और स्थानीय निवासियों में शोक का माहौल है।
वन विभाग की टीम मौके के लिए रवाना
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई। टीम को मौके के लिए रवाना किया गया है। हाथी के हमले में महिला रेलकर्मी की मौत के बाद क्षेत्र में जंगली हाथियों की मौजूदगी और सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।



