BreakingJharkhand INFACTNews

Jharkhand: कुचाई में महिला की हत्या का सनसनीखेज मामला, जेठ गिरफ्तार; शव के अंगों को भूनने का भी आरोप

सरायकेला: सरायकेला-खरसावां जिले के कुचाई प्रखंड के दलभंगा ओपी क्षेत्र स्थित जोम्बरो गांव में एक महिला की हत्या का बेहद गंभीर और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। आरोप है कि 54 वर्षीय व्यक्ति ने अपनी 47 वर्षीय छोटे भाई की पत्नी के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव के कुछ अंग काटकर उन्हें भूनने और खाने की कोशिश करने का भी आरोप है। ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर बुधवार सुबह पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मेले और हॉकी टूर्नामेंट से लौटते समय हुई घटना

मृतका की पहचान जोम्बरो निवासी विश्वासी सोय (47) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान पैलुश मुंडा (54) के रूप में की गई है। रिश्ते में वह मृतका का जेठ लगता है।मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार को गांव के बाहर मेला लगा था और हॉकी टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। विश्वासी सोय वहां हंडिया बेचने गई थी। शाम को घर लौटते समय वह अपने जेठ पैलुश मुंडा के घर रुक गई। बताया जाता है कि वहां पैलुश और गांव के कुछ अन्य लोगों ने साथ बैठकर शराब पी। देर रात नशे की हालत में अन्य लोग अपने-अपने घर चले गए, जबकि विश्वासी वहीं रुक गई।

दुष्कर्म के बाद हत्या करने का आरोप

ग्रामीणों और प्रारंभिक जांच से मिली जानकारी के अनुसार, घर में महिला को अकेला पाकर आरोपी ने कथित तौर पर उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद घटना का खुलासा होने और पकड़े जाने के डर से उसकी हत्या कर दी।

शव नाले में फेंका, अंगों को भूनने का भी आरोप

आरोप है कि हत्या के बाद आरोपी ने शव को गांव के ही एक नाले में फेंक दिया। इसके बाद उसने मृतका के शरीर के कुछ हिस्सों को काटकर घर के पीछे कढ़ाई में भूनने की कोशिश की। बताया जाता है कि वह उन्हें खाने का भी प्रयास कर रहा था।मंगलवार देर रात कुछ ग्रामीणों की नजर इस घटना पर पड़ी। नाले में महिला का शव मिलने और घर के पीछे का दृश्य देखकर ग्रामीणों में सनसनी फैल गई।

ग्रामीणों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा

घटना के बाद ग्रामीणों ने घेराबंदी कर आरोपी पैलुश मुंडा को पकड़ लिया। उन्होंने कानून हाथ में लेने के बजाय उसे रस्सी से बांधकर रातभर अपनी निगरानी में रखा और दलभंगा ओपी पुलिस को सूचना दी। बुधवार सुबह पुलिस टीम गांव पहुंची, जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया।

आरोपी गिरफ्तार, पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव

दलभंगा ओपी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, नाले से महिला का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, मामला गंभीर और संवेदनशील है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के बाद ही घटना के सभी पहलुओं की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी।इस घटना के बाद कुचाई और दलभंगा क्षेत्र में चिंता और आक्रोश का माहौल है। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button