Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: आदित्यपुर के दो होटलों में पुलिस की औचक छापेमारी, 40 से 50 युवक-युवतियों से पूछताछ; संचालकों को चेतावनी

सरायकेला: आदित्यपुर क्षेत्र के कुछ होटलों में कथित अनैतिक और अवैध गतिविधियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद शनिवार को आदित्यपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस के बाइक दस्ते ने गुप्त सूचना के आधार पर टाटा-कांड्रा रोड स्थित श्रीडूंगरी के होटल ओ ऑक्सी क्वीन पैलेस और एनआईटी मोड़ स्थित होटल सुभेक्षा में औचक छापेमारी की। इस दौरान दोनों होटलों में करीब 40 से 50 महिला-पुरुष और युवक-युवतियां मिले, जिनसे पुलिस ने पूछताछ और पहचान का सत्यापन किया।

पुलिस के पहुंचते ही होटलों में मची अफरा-तफरी

आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस टीम के होटल परिसर में पहुंचते ही अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। कई युवक-युवतियों ने वहां से निकलने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोककर पूछताछ की।थाना प्रभारी के अनुसार, दोनों होटलों में मौजूद करीब 40 से 50 लोगों की पहचान और होटल में ठहरने से संबंधित जानकारियों का सत्यापन किया गया। आवश्यक पूछताछ और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सभी को कड़ी हिदायत देकर छोड़ दिया गया।

होटल संचालकों को थाने बुलाकर की गई पूछताछ

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दोनों होटलों के संचालकों को भी थाने लाकर पूछताछ की। उन्हें होटल संचालन से जुड़े नियमों का सख्ती से पालन करने और किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बढ़ावा नहीं देने की हिदायत दी गई।

होटल डाउनटाउन में भी पुलिस ने की जांच

अभियान के दौरान पुलिस ने सरिता कॉम्प्लेक्स स्थित होटल डाउनटाउन की भी जांच की। थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह के अनुसार, होटल के कमरों की तलाशी के दौरान कोई आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

अवैध गतिविधियों पर पुलिस की रहेगी नजर

थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि आदित्यपुर क्षेत्र में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि शिकायत या गुप्त सूचना मिलने पर संदिग्ध होटलों की जांच और छापेमारी आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने होटल संचालकों को नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button