Jharkhand: विधायक के पैतृक गांव जिन्तूगोंडा में पति ने गैंता से वार कर की पत्नी की हत्या, आरोपी हिरासत में

जगन्नाथपुर : झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के जगन्नाथपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जिन्तूगोंडा गांव में बुधवार सुबह एक महिला की निर्मम हत्या का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान शाल्मी सिंकु के रूप में हुई है। आरोप है कि उसके पति मांगील सिंकु ने बुधवार तड़के करीब चार बजे घर के अंदर ही गैंता से ताबड़तोड़ वार कर उसकी जान ले ली।उल्लेखनीय है कि जिन्तूगोंडा गांव स्थानीय विधायक सोनाराम सिंकु का पैतृक गांव है, जहां इस जघन्य वारदात के बाद पूरे इलाके में सनसनी और शोक का माहौल है।
फोन कॉल से हुआ खुलासा, घर के भीतर मिला शव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना का खुलासा तब हुआ जब गांव के एक स्थानीय निवासी सुब्बल सिंकु के पास फोन आया और उन्हें मृतका शाल्मी सिंकु से बात कराने को कहा गया।जब सुब्बल सिंकु मृतका के घर पहुंचे और आवाज लगाई, तो अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली।इसके बाद दरवाजा खोलकर देखने पर अंदर शाल्मी सिंकु का खून से लथपथ शव पड़ा हुआ मिला।
ग्रामीण मुंडा और विधायक को दी गई सूचना, पुलिस ने आरोपी पति को दबोचा
घटना की जानकारी मिलते ही सुब्बल सिंकु ने तत्काल ग्रामीण मुंडा सोमनाथ सिंकु को इसकी सूचना दी। ग्रामीण मुंडा ने बिना देर किए जगन्नाथपुर थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास और क्षेत्रीय विधायक सोनाराम सिंकु को पूरे मामले से अवगत कराया।सूचना मिलते ही थाना प्रभारी टिंकू कुमार दास पुलिस बल के साथ और विधायक सोनाराम सिंकु तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है।प्रारंभिक कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मृतका के पति मांगील सिंकु को हिरासत में ले लिया है। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में पति द्वारा ही इस हत्याकांड को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है।
कारणों की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का अभी तक पूरी तरह खुलासा नहीं हो पाया है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में गम और गुस्से का माहौल है।



