Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: सरायकेला डीसी ऑफिस परिसर स्थित बैंक ऑफ इंडिया का ताला तोड़कर चोरी का प्रयास,ग्रामीणों की सतर्कता से टली बड़ी वारदात

सरायकेला:सरायकेला थाना क्षेत्र में बेखौफ अपराधियों और चोरों का दुस्साहस चरम पर पहुंच गया है। शुक्रवार की देर रात चोरों ने जिला समाहरणालय (डीसी ऑफिस) परिसर के समीप स्थित ‘बैंक ऑफ इंडिया’ की शाखा को निशाना बनाया। चोरों ने बैंक के मुख्य ग्रिल गेट का ताला तोड़ दिया, लेकिन पास के क्लब में मौजूद ग्रामीणों की चहल-पहल के कारण वे बैंक के भीतर घुसने में नाकाम रहे और मौके से फरार हो गए।

रेकी कर अंधेरा किया, फिर सीसीटीवी और ताला तोड़ा

घटनाक्रम के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चोरों ने पूरी योजनाबद्ध तरीके से वारदात को अंजाम देने की कोशिश की। चोरों ने सबसे पहले बैंक के ऊपर लगे मुख्य साइन बोर्ड की लाइट का तार काटकर वहां अंधेरा कायम किया। इसके बाद साक्ष्यों को छिपाने के लिए वहां लगे सीसीटीवी कैमरों को क्षतिग्रस्त कर दिया और फिर किसी लोहे की रॉड की मदद से मुख्य गेट का ताला तोड़ दिया।

‘मां मानसा क्लब’ के सदस्यों ने बिगाड़ा चोरों का खेल

बैंक के समीप स्थित गांव के ‘मां मानसा क्लब’ में प्रतिदिन की भांति देर रात तक युवाओं और ग्रामीणों की मौजूदगी थी। क्लब के सदस्यों के लगातार आवागमन और आहट मिलने के कारण ताला तोड़ चुके चोर बैंक के भीतर दाखिल होने की हिम्मत नहीं जुटा सके और पकड़े जाने के डर से भाग निकले।शनिवार की सुबह जब ग्रामीणों ने बैंक का ताला टूटा देखा, तो तत्काल इसकी सूचना सरायकेला पुलिस और बैंक प्रबंधन को दी।

“बैंक का कैश व संपत्ति पूरी तरह सुरक्षित” — शाखा प्रबंधक

सूचना मिलते ही बैंक ऑफ इंडिया के शाखा प्रबंधक कैलाश मंडल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रबंधक कैलाश मंडल ने बताया कि चोर केवल बाहर के मुख्य गेट का ताला तोड़ने में ही सफल रहे थे। बैंक के भीतर किसी भी प्रकार की कोई संपत्ति या कैश को क्षति नहीं पहुंची है। घटना की जानकारी क्षेत्रीय कार्यालय को दे दी गई है। वहां से विशेष जांच और फॉरेंसिक टीम आ रही है, जिसके बाद विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जाएगी।

पुलिस गश्त पर उठे गंभीर सवाल; सरायकेला में लगातार हो रहीं चोरियां

डीसी ऑफिस जैसे अति-संवेदनशील और सुरक्षा वाले इलाके में बैंक का ताला टूटने से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर गहरा आक्रोश है।गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व ही सरायकेला थाना से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर चोरों ने एक साथ 7 दुकानों के ताले तोड़कर राशन दुकान से ₹1 लाख नकद समेत लाखों की संपत्ति उड़ा ली थी। लगातार हो रही इन सिलसिलेवार घटनाओं के बावजूद सरायकेला पुलिस की लचर गश्ती और सुस्त रवैये पर सवाल उठने लगे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button