Bihar: सारण तटबंध पर राहत सामग्री गिराने के दौरान हादसा, हेलीकॉप्टर से गिरा पैकेट सिर पर लगने से बुजुर्ग की मौत

सारण: सारण तटबंध टूटने के बाद अमनौर प्रखंड के कई गांवों में बाढ़ का संकट बना हुआ है। इसी बीच शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित परशुरामपुर गांव में राहत सामग्री पहुंचाने के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। हेलीकॉप्टर से गिरायी जा रही राहत सामग्री का पैकेट 62 वर्षीय अनिल कुमार सिंह उर्फ अप्पू सिंह के सिर पर जा गिरा। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।
सिर पर गिरा राहत का पैकेट, मौके पर मौत
मृतक की पहचान परशुरामपुर गांव निवासी अनिल कुमार सिंह के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर के माध्यम से राहत सामग्री गिरायी जा रही थी।इसी दौरान राहत सामग्री का एक पैकेट अनिल कुमार सिंह के सिर पर आ गिरा। पैकेट की चपेट में आने से उन्हें गंभीर चोट लगी और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गयी।
महिला का पैर टूटा, घर की छत भी क्षतिग्रस्त
राहत सामग्री गिराये जाने के दौरान एक अन्य हादसा भी हुआ। बदरी साह की 42 वर्षीय पत्नी के पैर में गंभीर चोट लगी और पैर टूट गया।वहीं, राहत सामग्री का पैकेट गिरने से धर्मनाथ ठाकुर के घर की सीमेंट-करकट वाली छत भी क्षतिग्रस्त हो गयी।
बाढ़ से प्रभावित हैं कई गांव, तटबंध पर ले रहे शरण
परशुरामपुर समेत आसपास के कई गांव बाढ़ की चपेट में हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण अपने घर छोड़कर सारण तटबंध पर शरण लिये हुए हैं। बाढ़ प्रभावित लोगों तक खाद्य सामग्री पहुंचाने के लिए प्रशासन हेलीकॉप्टर से राहत सामग्री गिरा रहा था।इसी दौरान राहत सामग्री वितरण के दौरान यह हादसा हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गयी।
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष विमलेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। भूमि उप समाहर्ता ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों से घटना के संबंध में जानकारी ली।पुलिस ने अनिल कुमार सिंह के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों में चीख-पुकार मच गयी। वहीं, तटबंध पर शरण लिये बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच भी घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल रहा।



