Bihar INFACTNews

Bihar: नेपाल की बाढ़ के बाद शिवहर में हाई अलर्ट, संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर प्रशासन और एनडीआरएफ मुस्तैद

शिवहर। पड़ोसी देश नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद बिहार के शिवहर जिले में संभावित फ्लैश फ्लड को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। नेपाल की बाढ़ का असर गंडक नदी क्षेत्र में पड़ने की आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन, बागमती प्रमंडल और एनडीआरएफ की टीमों को सतर्क कर दिया गया है।जिले में बागमती नदी के जलस्तर, तटबंधों और संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है। प्रखंड स्तर पर बीडीओ, सीओ और थानाध्यक्षों को भी अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।

शिवहर एसपी ने पुलिसकर्मियों की छुट्टियों पर लगाई रोक

संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए शिवहर के एसपी शैलेंद्र सिंह ने अगले आदेश तक सभी पुलिस पदाधिकारियों और पुलिसकर्मियों के अवकाश पर रोक लगा दी है।प्रशासन का उद्देश्य किसी भी आपात स्थिति में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और बचावकर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित करना है।

मुख्य सचिव ने डीएम-एसपी के साथ की समीक्षा बैठक

बिहार के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत ने बुधवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबंधित जिलों के डीएम और एसपी के साथ बैठक कर संभावित बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की।बैठक में जिला प्रशासन को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की अग्रिम तैनाती, बचाव कार्यों की तैयारी और राहत व्यवस्था को लेकर आवश्यक निर्देश दिए गए।
अधिकारियों को बताया गया कि कुछ क्षेत्रों में फ्लैश फ्लड का उच्च जोखिम पूर्वानुमानित है, जबकि कोसी, बागमती और गंडक कैचमेंट क्षेत्रों के कई इलाकों में मध्यम जोखिम की संभावना जताई गई है।

नदी, तटबंध और निचले इलाकों की लगातार निगरानी

जिला प्रशासन को नदी के जलस्तर, तटबंधों, निचले इलाकों, पुल-पुलियों और अन्य संवेदनशील स्थानों की लगातार निगरानी करने का निर्देश दिया गया है।स्थानीय लोगों को समय पर अलर्ट जारी करने और संभावित खतरे की स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों और अभियंताओं को भी तटबंधों तथा अन्य महत्वपूर्ण संरचनाओं की लगातार निगरानी का निर्देश दिया गया है।

नाव, शेल्टर और सामुदायिक रसोई की तैयारी के निर्देश

प्रशासन ने संभावित बाढ़ प्रभावित आबादी के लिए पहले से पर्याप्त तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। इसमें पर्याप्त संख्या में नावों की व्यवस्था,प्रभावित लोगों की सुरक्षित निकासी,सुरक्षित शेल्टर की व्यवस्था, जरूरत पड़ने पर सामुदायिक रसोई शुरू करने की तैयारी औरएनडीआरएफ और एसडीआरएफ के साथ समन्वय शामिल हैं।अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि जरूरत पड़ने पर लोगों को समय रहते सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की पूरी तैयारी रखी जाए।

बागमती नदी का जलस्तर घटा, लाल निशान से 1.55 मीटर नीचे

जल संसाधन विभाग के अनुसार, फिलहाल बागमती नदी के जलस्तर में गिरावट दर्ज की जा रही है। बुधवार की शाम डुब्बाघाट स्थित गेज पर पांच सेंटीमीटर की गिरावट के साथ नदी का जलस्तर 59.78 मीटर दर्ज किया गया।वर्तमान में बागमती नदी लाल निशान से 1.55 मीटर नीचे बह रही है। बागमती प्रमंडल के अनुसार फिलहाल शिवहर जिले में बागमती नदी से बाढ़ का तत्काल खतरा नहीं है।हालांकि, नेपाल में आई बाढ़ के संभावित प्रभाव को देखते हुए गंडक नदी क्षेत्र पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने की अपील की

शिवहर जिला प्रशासन ने आम लोगों से घबराने की बजाय सतर्क रहने की अपील की है। प्रशासन ने कहा है कि किसी भी प्रकार की पैनिक स्थिति की आवश्यकता नहीं है और बचाव संसाधनों को पहले से तैयार रखा जा रहा है।लोगों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं और निर्देशों का पालन करें तथा अफवाहों पर ध्यान न दें। साथ ही नदी किनारे और कटाव वाले संवेदनशील क्षेत्रों में अनावश्यक रूप से नहीं जाने की सलाह दी गई है।

सभी विभागों को आपसी समन्वय से काम करने का निर्देश

जिला प्रशासन, पुलिस, आपदा प्रबंधन विभाग, जल संसाधन विभाग और अन्य संबंधित एजेंसियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमण और निगरानी करते हुए आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश दिए गए हैं।नेपाल में बाढ़ की स्थिति और नदियों के जलस्तर को देखते हुए शिवहर प्रशासन आने वाले समय में हालात पर लगातार नजर बनाए हुए है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button