Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: एक्सएलआरआई में 34वें जेआरडी टाटा बिजनेस एथिक्स व्याख्यान का आयोजन, डॉ. शशि थरूर ने ‘इंडिया@2047’ पर रखे विचार

जमशेदपुर। एक्सएलआरआई-जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट, जमशेदपुर में शनिवार को 34वें वार्षिक जेआरडी टाटा बिजनेस एथिक्स व्याख्यान का आयोजन किया गया। टाटा ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में तिरुवनंतपुरम से लोकसभा सांसद और प्रख्यात लेखक डॉ. शशि थरूर मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ‘इंडिया@2047’ विषय पर व्याख्यान देते हुए स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे होने तक भारत की आकांक्षाओं, चुनौतियों और विकास की संभावनाओं पर विचार साझा किए।

आर्थिक विकास के साथ नैतिक मूल्यों को भी मिले महत्व

डॉ. थरूर ने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य केवल आर्थिक प्रगति और वैश्विक पहचान तक सीमित नहीं होना चाहिए। विकास की इस यात्रा में नैतिक मूल्यों और समृद्धि के न्यायसंगत वितरण को भी समान महत्व देना जरूरी है। जेआरडी टाटा के विचारों का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि वास्तविक सफलता तभी सार्थक है, जब उसे ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ हासिल किया जाए और उसका लाभ देश तथा समाज तक पहुंचे।उन्होंने कहा कि व्यापारिक नैतिकता और आर्थिक समृद्धि एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं। किसी व्यवसाय के लिए केवल कानून का पालन करना या सामाजिक कार्यों में योगदान देना पर्याप्त नहीं है। विश्वास, निष्पक्षता और जवाबदेही टिकाऊ व्यवसाय की बुनियाद हैं। नैतिक जिम्मेदारी इस बात से भी तय होती है कि मुनाफा किस तरीके से कमाया जा रहा है, कर्मचारियों के साथ कैसा व्यवहार किया जा रहा है और सभी हितधारकों के हितों का कितना सम्मान किया जा रहा है।

महिलाओं और वंचित समुदायों तक पहुंचें विकास के अवसर

भारत की विकास यात्रा में समावेशी विकास और अवसरों के लोकतंत्रीकरण को महत्वपूर्ण बताते हुए डॉ. थरूर ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण, रोजगार और उद्यमिता के अवसरों का विस्तार करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विशेष रूप से महिलाओं और उन समुदायों तक अवसर पहुंचाने की जरूरत है, जिन्हें अब तक सीमित संसाधन और अवसर मिल पाए हैं। इससे देश की युवा आबादी की क्षमता का बेहतर उपयोग किया जा सकेगा।तकनीकी बदलावों पर चर्चा करते हुए उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के जिम्मेदार उपयोग, कर्मचारियों के कौशल विकास, स्वदेशी नवाचार और डिजिटल क्षमताओं को मजबूत बनाने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि तकनीकी और आर्थिक प्रगति ऐसी होनी चाहिए, जिसमें समाज के सभी वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित हो और पर्यावरणीय स्थिरता का भी ध्यान रखा जाए।

जेआरडी टाटा की विरासत और नैतिक नेतृत्व पर चर्चा

एक्सएलआरआई में जेआरडी टाटा फाउंडेशन फॉर बिजनेस एथिक्स के तत्वावधान में आयोजित इस वार्षिक व्याख्यान का उद्देश्य भारत रत्न जेआरडी टाटा की विरासत, नैतिक व्यावसायिक नेतृत्व, राष्ट्र निर्माण और जिम्मेदार उद्यमिता में उनके योगदान को याद करना है। इस मंच के माध्यम से सार्वजनिक जीवन, शिक्षा जगत और उद्योग क्षेत्र की प्रतिष्ठित हस्तियां नैतिकता, नेतृत्व और समाज में व्यवसाय की भूमिका जैसे विषयों पर विचार साझा करती हैं।कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद एक्सएलआरआई जमशेदपुर के निदेशक डॉ. (फादर) सेबेस्टियन जॉर्ज, एसजे ने स्वागत भाषण दिया और मुख्य वक्ता डॉ. शशि थरूर का परिचय कराया। एक्सएलआरआई के जेआरडी टाटा चेयर प्रोफेसर ऑफ बिजनेस एथिक्स डॉ. (फादर) जोसेफ मैथ्यू, एसजे ने जेआरडी टाटा फाउंडेशन के बारे में जानकारी दी। इस अवसर पर जेआरडी टाटा के जीवन और योगदान पर आधारित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।व्याख्यान के बाद सवाल-जवाब का संवादात्मक सत्र आयोजित हुआ, जिसका संचालन फादर जोसेफ मैथ्यू ने किया। इसमें उपस्थित लोगों ने डॉ. थरूर से विभिन्न मुद्दों पर सवाल पूछे। अंत में एक्सएलआरआई के डीन (एडमिनिस्ट्रेशन एंड फाइनेंस) डॉ. (फादर) डोनाल्ड डिसिल्वा, एसजे ने धन्यवाद ज्ञापन किया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।जेआरडी टाटा बिजनेस एथिक्स व्याख्यान के माध्यम से एक्सएलआरआई नैतिक नेतृत्व, संस्थागत जिम्मेदारी और समाज के व्यापक हित से जुड़े विषयों पर संवाद की अपनी परंपरा को आगे बढ़ा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button