Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: सोनुआ थाना के पास अंग्रेजी शराब दुकान में 6 लाख की चोरी, 60 पेटी शराब लेकर फरार हुए नकाबपोश चोर

चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना के समीप मुख्य सड़क पर स्थित लाइसेंसी अंग्रेजी शराब दुकान में रविवार देर रात चोरी की बड़ी वारदात हुई। नकाबपोश चोर दुकान का ताला काटकर करीब 60 पेटी अंग्रेजी शराब लेकर फरार हो गए। चोरी गई शराब की अनुमानित कीमत करीब छह लाख रुपये बताई जा रही है। थाना से चंद कदमों की दूरी पर हुई इस घटना ने पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

ताला काटकर दुकान में घुसे चोर, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

जानकारी के अनुसार, रविवार देर रात करीब ढाई से तीन बजे के बीच नकाबपोश चोरों ने शराब दुकान का ताला काटा और अंदर प्रवेश कर गए। इसके बाद चोरों ने महंगे ब्रांड की शराब की पेटियां चोरी कर लीं। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।चोरी के दौरान शराब की कई बोतलें दुकान के बाहर बिखरी हुई मिलीं। आशंका जताई जा रही है कि जल्दबाजी में शराब की कुछ बोतलें बाहर गिर गईं।

थाना के पास चोरी से रात्रि गश्ती पर उठे सवाल

सोनुआ थाना के बिल्कुल समीप मुख्य सड़क पर स्थित दुकान में इतनी बड़ी चोरी होने से स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। लोगों के बीच चर्चा है कि चोर इतनी बड़ी मात्रा में शराब लेकर कैसे फरार हो गए और रात्रि गश्ती के दौरान उनकी गतिविधियों का पता क्यों नहीं चल सका।

अज्ञात चोरों के खिलाफ शिकायत, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

इस मामले में सोनुआ थाना में अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। हालांकि, चोरी गई शराब की वास्तविक मात्रा और उसकी कीमत की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button