Jharkhand: चक्रधरपुर के विकास से जुड़े मुद्दे दिशा की बैठक में उठे, भारत भवन के जीर्णोद्धार और स्टेडियम निर्माण की मांग

चाईबासा। पश्चिमी सिंहभूम जिले में शुक्रवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा-DISHA) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता सांसद जोबा माझी ने की, जबकि उपायुक्त मनीष कुमार ने स्वागत संबोधन के साथ बैठक की शुरुआत की। बैठक में मंत्री दीपक बिरुवा, विधायकगण, जिला परिषद अध्यक्ष और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में जिले में चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।बैठक में चक्रधरपुर नगर परिषद अध्यक्ष भी शामिल हुए। उन्होंने नगर क्षेत्र के समग्र विकास और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इनमें भारत भवन का जीर्णोद्धार, मारवाड़ी स्कूल मैदान में स्टेडियम निर्माण और आधुनिक लाइब्रेरी की स्थापना सहित अधूरी आरसीसी ड्रेन का निर्माण कार्य पूरा कराने की मांग शामिल रही।
भारत भवन के जीर्णोद्धार पर दिया जोर
नगर परिषद अध्यक्ष ने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के भारत भवन के नवीनीकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत भवन चक्रधरपुर की सांस्कृतिक पहचान है। इसके जीर्णोद्धार से शहर की ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने में मदद मिलेगी।
स्टेडियम और आधुनिक लाइब्रेरी की मांग
खेल एवं शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मारवाड़ी स्कूल मैदान में स्टेडियम निर्माण का मुद्दा उठाया गया। इसके साथ ही विद्यार्थियों के लिए आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित करने की मांग भी रखी गई, ताकि युवाओं और छात्रों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।
अधूरी आरसीसी ड्रेन का निर्माण जल्द पूरा कराने की मांग
नगर क्षेत्र में जल निकासी की समस्या को देखते हुए एनएच-75 पर महेंद्र खेड़िया पेट्रोल पंप से प्रेम निवास तक अधूरी पड़ी आरसीसी ड्रेन का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने की मांग की गई। ड्रेन का निर्माण पूरा होने से जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद जताई गई।
जिला प्रशासन ने दिया सकारात्मक आश्वासन
बैठक में जिला प्रशासन ने इन जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए जल्द ठोस कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। नगर परिषद अध्यक्ष ने कहा कि चक्रधरपुर के सर्वांगीण विकास के लिए इन समस्याओं का समाधान जरूरी है। भारत भवन शहर की सांस्कृतिक पहचान है, जबकि स्टेडियम और लाइब्रेरी से युवाओं को आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे। वहीं, अधूरी आरसीसी ड्रेन का निर्माण पूरा होने से स्थानीय लोगों को जलजमाव की समस्या से राहत मिलेगी।



