Bihar: बिहार में एनडीए सरकार की पहली वर्षगांठ पर 21 नवंबर को वैशाली आएंगे पीएम मोदी, जाफरपट्टी में होगी जनसभा

पटना: बिहार में मौजूदा एनडीए सरकार के एक साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार दौरे पर आ सकते हैं। वैशाली जिले के राजापाकड़ प्रखंड स्थित जाफरपट्टी में उनकी जनसभा प्रस्तावित है। इस दौरान प्रधानमंत्री राज्य को कई विकास परियोजनाओं की सौगात दे सकते हैं। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में गुरुवार को पटना में हुई एनडीए नेताओं की बैठक में प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों की समीक्षा की गई।

20 नवंबर को पूरा होगा एनडीए सरकार का एक साल

बिहार भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी के अनुसार, 20 नवंबर को मौजूदा एनडीए सरकार का एक साल पूरा हो जाएगा। इस अवसर को लेकर गठबंधन और प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को बिहार आएंगे और वैशाली में जनसभा को संबोधित करेंगे।जाफरपट्टी में 1650 एकड़ क्षेत्र में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। जनसभा के दौरान प्रधानमंत्री इस क्षेत्र से जुड़ी परियोजनाओं सहित राज्य को कई सौगातें दे सकते हैं। कुछ महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन भी प्रस्तावित है।

मई के बाद पहली बार बिहार दौरे पर आ सकते हैं पीएम मोदी

उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, मई 2026 के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह पहला बिहार दौरा होगा। इससे पहले वे 7 मई को सम्राट चौधरी मंत्रिमंडल के विस्तार कार्यक्रम में शामिल होने बिहार आए थे।

एनडीए की बैठक में पदयात्रा पर भी हुई चर्चा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर आयोजित एनडीए की बैठक में भाजपा की ओर से निकाली जा रही ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा पर भी चर्चा हुई। संजय सरावगी ने बताया कि यह पदयात्रा अब तक बिहार के 10 जिलों में निकाली जा चुकी है।
बैठक में तय किया गया कि दिवाली और छठ पूजा के बाद बाकी जिलों में भी पदयात्रा आयोजित की जाएगी। त्योहारों के दौरान लोगों की व्यस्तता को देखते हुए कार्यक्रमों को बाद में आयोजित करने का निर्णय लिया गया।

विधानसभा चुनाव में एनडीए को मिली थीं 203 सीटें

पिछले साल नवंबर में हुए बिहार विधानसभा चुनाव में भाजपा, जदयू समेत एनडीए के पांच दलों ने मिलकर 243 विधानसभा सीटों में से 203 पर जीत दर्ज की थी। चुनाव के बाद 20 नवंबर को नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। बाद में अप्रैल 2026 में नीतीश कुमार के पद छोड़ने के बाद सम्राट चौधरी बिहार के मुख्यमंत्री बने।

Exit mobile version