Jharkhand: जमशेदपुर में भाजपा की विशाल पदयात्रा, ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत जुटे दिग्गज नेता

जमशेदपुर: भाजपा जमशेदपुर महानगर की ओर से गुरुवार को ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत साकची स्थित नेताजी सुभाष मैदान (आम बागान) से विशाल पदयात्रा निकाली गई। इसमें भाजपा के वरिष्ठ नेताओं के साथ बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।पदयात्रा में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री एवं रांची के सांसद संजय सेठ, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिनेशानंद गोस्वामी, सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू और धनबाद के विधायक राज सिन्हा सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।

आम बागान से साकची गोलचक्कर तक निकली पदयात्रा

पदयात्रा आम बागान मैदान से शुरू होकर साकची गोलचक्कर पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अभियान के समर्थन में नारे लगाए और पार्टी के संदेश को जनता तक पहुंचाने का प्रयास किया।

विपक्ष पर राजनीतिक एजेंडे को लेकर निशाना

भाजपा की ओर से अभियान का उद्देश्य कांग्रेस सहित विपक्षी दलों के राजनीतिक एजेंडे, उनके कथित दोहरे मापदंड और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों को जनता के बीच उठाना बताया गया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी राजनीतिक परिस्थितियों और लोकतंत्र से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे।पदयात्रा के दौरान साकची क्षेत्र में राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी ने अभियान को शक्ति प्रदर्शन का रूप दिया।

Exit mobile version