गोड्डा: झारखंड के गोड्डा जिले के ललमटिया थाना क्षेत्र अंतर्गत डहुआ गांव में 12 वर्षीय बच्ची की निर्मम हत्या और उसका सिर गायब होने की घटना को लेकर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने इस घटना को हृदयविदारक और भयावह बताते हुए राज्य की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।बाबूलाल मरांडी ने कहा कि माता-पिता के साथ घर में सो रही 12 वर्षीय बच्ची को उठाकर ले जाना और फिर इस तरह की जघन्य वारदात को अंजाम देना बेहद चिंताजनक है। यह घटना राज्य में कानून-व्यवस्था की बदहाल स्थिति को दर्शाती है।
महिलाओं और बच्चों के खिलाफ बढ़ते अपराधों पर जताई चिंता
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि झारखंड में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। अपराधियों के मन से कानून का डर समाप्त होता जा रहा है, जिसके कारण इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।उन्होंने कहा कि राज्य में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है और ऐसी घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।
बाबूलाल मरांडी ने गोड्डा पुलिस से की निष्पक्ष जांच की मांग
बाबूलाल मरांडी ने गोड्डा पुलिस से इस जघन्य हत्याकांड की अविलंब और निष्पक्ष जांच करने की मांग की है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से दोषियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने और उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की अपील की।उन्होंने कहा कि इस मामले में दोषियों को ऐसी सजा मिलनी चाहिए, जिससे पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
