Bihar: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से नीरज कुमार की लगातार चौथी जीत, दिलीप कुमार को 4,655 मतों से हराया

पटना: पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार ने लगातार चौथी बार जीत दर्ज की है। उन्होंने राजद प्रत्याशी दिलीप कुमार को 4,655 मतों के अंतर से हराया। चुनाव परिणाम के अनुसार, नीरज कुमार को कुल 19,930 मत मिले, जबकि दिलीप कुमार 15,275 मतों के साथ दूसरे स्थान पर रहे। जन सुराज पार्टी के प्रत्याशी अनुज सिंह 11,278 मत हासिल कर तीसरे स्थान पर रहे।
शुरुआती दौर में पिछड़ने के बाद बनाई बढ़त
मतगणना शुरू होने के बाद शुरुआती कुछ घंटों तक नीरज कुमार राजद प्रत्याशी दिलीप कुमार से मामूली अंतर से पीछे चल रहे थे। हालांकि, करीब चार घंटे बाद उन्होंने बढ़त बनानी शुरू कर दी।पहली वरीयता के मतों की गिनती के बाद नीरज कुमार को 2,300 मतों की बढ़त मिली। इसके बाद दूसरी वरीयता के मतों की गिनती के दौरान भी उन्होंने अपनी बढ़त बनाए रखी और अंततः जीत दर्ज की।
जन सुराज तीसरे स्थान पर, 18 प्रत्याशियों ने आजमाई किस्मत
पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में थे। परिणाम में जन सुराज पार्टी के अनुज सिंह 11,278 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे। उन्हें मोकामा से जदयू विधायक रहे अनंत सिंह का खुला समर्थन प्राप्त होने की बात कही गई थी।कांग्रेस प्रत्याशी असद उल्लाह खां को 971 मत मिले, जबकि आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी डॉ. हिमांशु कुमार पटेल को 137 मत प्राप्त हुए। निर्दलीय प्रत्याशी प्रेम कुमार को सबसे कम पांच मत मिले।
2002 में मिली थी हार, 2008 में पहली बार बने विजेता
नीरज कुमार पांचवीं बार पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे थे। उन्होंने वर्ष 2002 में समता पार्टी के टिकट पर पहली बार चुनाव लड़ा था, लेकिन उस समय राजद प्रत्याशी आजाद गांधी से हार गए थे।इसके बाद उन्होंने राजनीतिक संघर्ष जारी रखा और वर्ष 2008 के चुनाव में जीत दर्ज की। फिर 2014 और 2020 के चुनावों में भी विजयी रहे। अब 2026 में जीत के साथ उन्होंने लगातार चौथी बार इस निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने का जनादेश हासिल किया है।नीरज कुमार की लगातार चौथी जीत से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में जदयू की स्थिति बरकरार रही है।



