Jharkhand INFACTNews

Jharkhand: आदित्यपुर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप

आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतवाहनी स्थित जॉय नेक्स्ट अपार्टमेंट में नवविवाहिता पिंकी कुमारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मंगलवार को जमकर हंगामा हुआ। मृतका के मायके वालों ने उसके पति मनीष शर्मा, सास और देवर पर प्रताड़ित करने तथा मारपीट कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। आक्रोशित परिजन शव लेकर आरोपी पति के अपार्टमेंट पहुंचे और न्याय की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर आदित्यपुर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

प्रेम विवाह के बाद प्रताड़ना का आरोप

मृतका की बड़ी मां तारा देवी के अनुसार, पिंकी कुमारी ने कुछ महीने पहले प्रेम विवाह किया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसे ससुराल में प्रताड़ित किया जा रहा था। उनका दावा है कि घटना से पहले भी ससुराल पक्ष की ओर से उसे धमकियां दी जाती थीं।परिजनों ने आरोप लगाया कि शनिवार को पिंकी के साथ मारपीट की गई थी। इसके बाद ससुराल पक्ष की ओर से उसके छत से कूदने की बात कही गई।

शरीर पर चोट के निशान होने का दावा

मृतका के परिजनों ने दावा किया कि अपार्टमेंट के सुरक्षा गार्ड ने भी मारपीट की जानकारी दी थी। उनका आरोप है कि पिंकी के शरीर पर चोट के निशान थे और उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई थी। परिजनों के मुताबिक, पिंकी गर्भवती भी थी।मायके पक्ष ने इन परिस्थितियों को लेकर गंभीर सवाल उठाए हैं और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

एमजीएम से रिम्स ले जाने के बाद हुई मौत

मृतका के परिजन निशांत ने बताया कि शनिवार को पिंकी को कार से अस्पताल ले जाया गया था। पहले उसे जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में रांची स्थित रिम्स रेफर किया गया। परिजनों के अनुसार, रिम्स में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।घटना के बाद मायके पक्ष ने आदित्यपुर थाने में लिखित शिकायत देकर निष्पक्ष जांच और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।

सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए आदित्यपुर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।फिलहाल, पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। इन्हीं के आधार पर नवविवाहिता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button