Bihar INFACTNews

Bihar: मधेपुरा में आरजेडी विधायक चंद्रशेखर के रिश्तेदार की गोली मारकर हत्या, मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर वारदात का आरोप

मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा में शुक्रवार दोपहर मोबाइल छिनतई का विरोध करने पर 25 वर्षीय पीएचडी छात्र प्रिंस रंजन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र के साहुगढ़ स्थित गोढ़ियारी चिमनी के पास घैलाढ़ रोड पर हुई। प्रिंस रंजन राष्ट्रीय जनता दल के विधायक और बिहार के पूर्व शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर यादव के ममेरे भाई बताए जा रहे हैं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यूनिवर्सिटी जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने मारी गोली

जानकारी के अनुसार, घैलाढ़ प्रखंड के इनरवा गांव निवासी प्रिंस रंजन कुमार शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे अपनी बाइक से बीएन मंडल विश्वविद्यालय जा रहे थे। इसी दौरान साहुगढ़ स्थित गोढ़ियारी चिमनी के पास बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में मोबाइल छिनतई के दौरान विरोध करने पर गोली मारे जाने की बात सामने आई है।

गोली की आवाज सुनकर पहुंचे स्थानीय लोग, फरार हुए बदमाश

स्थानीय लोगों के अनुसार, गोली चलने की आवाज सुनकर वे घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक आरोपी फरार हो चुके थे। दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच कर रही है।

चंद्रशेखर के ममेरे भाई थे प्रिंस रंजन

मृतक प्रिंस रंजन कुमार बीएन मंडल विश्वविद्यालय में पीएचडी के छात्र थे। उनकी उम्र करीब 25 वर्ष थी। वह आरजेडी विधायक और पूर्व शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर यादव के ममेरे भाई बताए जा रहे हैं।घटना के बाद चंद्रशेखर यादव ने बिहार में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।

एसडीपीओ बोले- जल्द गिरफ्तार होंगे आरोपी

एसडीपीओ अजय कुमार ने बताया कि छिनतई के दौरान एक युवक को गोली मारी गई थी। अस्पताल ले जाने के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।एसडीपीओ के मुताबिक, आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है।

चंद्रशेखर ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

आरजेडी विधायक चंद्रशेखर यादव ने आरोप लगाया कि मधेपुरा समेत बिहार के कई इलाकों में मोबाइल फोन और बाइक छिनतई की घटनाएं हो रही हैं, लेकिन इन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।उन्होंने दावा किया कि जिस सड़क पर प्रिंस की हत्या हुई, वहां पिछले छह महीनों में मोबाइल और बाइक छिनतई के करीब 12 मामले सामने आ चुके हैं। चंद्रशेखर के अनुसार, प्रिंस ने छिनतई का विरोध किया था, जिसके बाद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी।उन्होंने बिहार सरकार से ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए प्रभावी कदम उठाने और संवेदनशील व सुनसान इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button